दिल्ली नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने पांच वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों का समर्थन करने का फैसला किया है। इन वार्डों में भाजपा उम्मीदवारों के नामांकन रद्द हो गए थे। दिल्ली भाजपा प्रभारी श्याम जाजू ने पूर्वी दिल्ली के सांसद महेश गिरी की मौजूदगी में कहा कि दिल्ली सरकार के दबाव में कार्य कर रहे निगम चुनाव अधिकारियों ने छह वार्डों के भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन रद्द कर दिए थे। इनमें से एक प्रत्याशी का नामांकन दिल्ली हाई कोर्ट ने फिर से स्थापित कर दिया था। दिल्ली भाजपा मुख्यालय में मंगलवार को हुई प्रेस कांफ्रेंस में श्याम जाजू ने कहा कि समीक्षा के बाद भाजपा ने इन पांच वार्डों में उन निर्दलीय प्रत्याशियों को समर्थन देने का फैसला किया है जिन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने की इच्छा प्रकट की और पार्टी ने उन्हें अपनी विचारधारा के निकट पाया है। श्याम जाजू और महेश गिरी ने पांचों उम्मीदवारों को अंगवस्त्र धारण करा भाजपा का समर्थित प्रत्याशित घोषित किया। इन उम्मीदवारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आस्था प्रकट की और भाजपा के माध्यम से समाज की सेवा का संकल्प लिया।

इसके साथ श्याम जाजू ने आम आदमी पार्टी (आप) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विनोद वत्स के नेतृृत्व में 38 कार्यकर्ताओं को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई। ये सभी कार्यकर्ता ‘आप’ के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी थे जिनमें जगमोहन शर्मा, अजय सैनी, सुनील डागर, नवरत्न शर्मा और निशा प्रमुख हैं। सांसद महेश गिरी ने कृष्णा नगर जिले के दिल्ली युवा कांग्रेस के महामंत्री मनोज अग्रवाल सहित 10 कांग्रेस कार्यकर्ताओं का परिचय पत्रकारों से करवाया जिन सभी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने की घोषणा की। श्याम जाजू ने कहा कि आज पूरे देश की तरह दिल्ली में भी लोग भाजपा के विकास के एजेंडे से जुड़ रहे हैं। नोट बदली के बाद से कई राज्यों में नगर निकाय एवं राज्य सरकारों के चुनाव हुए हैं और सभी जगह भाजपा को अभूतपूर्व सफलता मिली है। अब दिल्ली में भाजपा उसी प्रदर्शन को दोहराएगी। भाजपा युवा मोर्चा ने चलाया पोल खोल अभियान दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कनाट प्लेस में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार एवं भाई भतीजावाद के खिलाफ पोल खोल अभियान चलाया। कार्यकर्ताओं ने कनाट प्लेस सर्कल एवं हनुमान मंदिर परिसर में जनता के बीच अपनी बात रखी। कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के भ्रष्टाचारों के पर्चे बांटे। युवा मोर्चा अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि यह विडंबना है कि जो केजरीवाल कभी शीला दीक्षित को शुंगलू कमेटी के नाम से डराते थे, वह आज खुद शुंगलू कमेटी के डर से इधर-उधर भाग रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस भ्रष्टाचार के विरोध से केजरीवाल की राजनीति जन्मी वह आज स्वयं कंठ तक भ्रष्टाचार में डूबी है।