लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है वैसे-वैसे तमाम राजनीतिक पार्टियां अपनी रणनीति बनाने में जुट गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी चुनाव से पूर्व नई रणनीति पर काम करने जा रही है। दरअसल पार्टी दिल्ली में अपने सभी सातों सांसदों की लोकप्रियता का टेस्ट लेने जा रही है। खबर के मुताबिक अगले हफ्ते सभी सातों सांसदों को लोकप्रियता परीक्षण का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि दिल्ली में भाजपा की लोकसभा चुनाव प्रभारी निर्मला सीतारमण पार्टी कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने के लिए मंगलवार से ‘लोकसभा प्रवेश’ शुरू करने जा रही हैं। भाजपा नेता राजेश भाटिया ने बताया, ‘सीतारमण इसकी शुरुआत पश्चिमी दिल्ली से करेंगी और करीब तीन घंटा मंडल स्तर से लोकसभा प्रभारी तक के पार्टी नेताओं से मुखातिब होंगी।’ वर्तमान में भाजपा के प्रवेश वर्मा पश्चिमी दिल्ली से सांसद हैं।
जानना चाहए कि सीतारमण के साथ सह प्रभारी जयभान सिंह भी होंगे। दोनों बुधवार को नॉर्थ-वेस्ट और चांदनी चौंक में जाएंगी। यहां से उदित राज और हर्ष वर्धन सांसद हैं। वर्धन वर्तमान में मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री भी हैं। सूत्रों ने बताया कि सीतारमण इस दौरान भाजपा के विभिन्न पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगी। इसमें मंडल अध्यक्ष, वार्ड काउंसलर और उनसे भी मुलाकात करेंगी जो चुनाव हार गए। इसके अलावा मौजूदा विधायकों और उनसे से जो विधानसभा चुनाव हार गए। लोकसभा क्षेत्र प्रभारी से भी केंद्रीय मंत्री मुलाकात करेंगी। सूत्र के मुताबिक सीतारमण इस दौरान सिर्फ भाजपा पदाधिकारियों की बात सुनेंगी वह किसी सभा को संबोधित नहीं करेंगी।
खबर के मुताबिक इस काम को एक सप्ताह के भीतर कर लिया जाएगा और कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को भेजा जाएगा। मुमकिन है कि अपने इस अभ्यास के बाद दिल्ली में भाजपा कुछ मौजूदा सांसदों को टिकट ना दे। हाल के दिनों में भाजपा ने अपने सभी सातों सांसदों की लोकप्रियता जांचने के लिए दिल्ली में एक सर्वे भी कराया था। गौरतलब है कि साल 2014 के लोकसभा चुनाव में दिल्ली में भाजपा को 46.6, AAP को 33.1 जबकि कांग्रेस को 15.2 फीसदी वोट मिले।