आप सांसद भगवंत मान द्वारा की गयी संसद भवन की वीडियोग्राफी की जांच कर रहे लोकसभा के पैनल को कार्य विस्तार दिए जाने के बाद आप ने शनिवार (20 अगस्त) को कहा कि भाजपा ‘बदले की राजनीति’ कर रही है। आप नेता आशीष खेतान ने आरोप लगाया, ‘भगवंत मान ने ऐसा क्या किया है कि पैनल बार-बार कार्य विस्तार चाहता है? यह भाजपा की साजिश है। बदले की राजनीति के कारण मान तीन सप्ताह तक अपने राज्य के मुद्दे लोकसभा में नहीं उठा सके।’ खेतान ने कहा कि मान पंजाब में खाद्यान्न खरीद, किसानों की आत्महत्या और मादक पदार्थों का मुद्दा उठाना चाहते थे। पैनल के अध्यक्ष किरिट सोमैया ने कहा कि भगवंत मान के व्यवहार पर पैनल को लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने अगले सत्र के पहले सप्ताह (शीत कालीन सत्र) तक कार्य विस्तार दे दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब के संगरूर सीट से सांसद मान को लोकसभा अध्यक्ष ने फैसला होने तक सदन की बैठकों में शामिल ना होने को कहा है। खेतान ने सवाल किया कि भाजपा ने तत्कालीन राज्यसभा सदस्य वीपी सिंह बदनोरे के खिलाफ क्या कार्रवाई की? उन्होंने कार पर ‘फर्जी’ स्टीकर का प्रयोग कर कथित रूप से संसद में घुसने का प्रयास किया। बदनोरे फिलहाल पंजाब के राज्यपाल हैं। उन्होंने आरोप लगाया, ‘बदनोरे ने तब दावा किया था कि वह स्टिंग करना चाहते थे, लेकिन आचार समिति ने उनके दावे को गलत बताया। उन्होंने वही काम किया जो आतंकवादियों ने संसद पर हमले के वक्त किया था।’