जेल में बंद आप नेता सत्येंद्र जैन बुधवार (24 मई) रात तिहाड़ जेल के बाथरूम में फिसलकर गिर जाने के बाद दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल लाए गए। सत्येंद्र जैन को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल से यहां रेफर किए जाने के बाद दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। जैन ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। आप सूत्र ने बताया कि जैन को आज पहले दीन दयाल अस्पताल ले जाया गया जब उन्हें चक्कर आया और तिहाड़ जेल के बाथरूम में गिर गए।
इससे पहले तिहाड़ जेल प्रशासन ने बताया था कि उन्हें मामूली चोटें आई हैं और उन्हें चेकअप के लिए लाया गया है। वहीं, AAP के सूत्रों ने बताया कि कल रात सत्येंद्र जैन चक्कर आने के बाद तिहाड़ जेल के बाथरूम में गिर पड़े। उन्हें दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तिहाड़ जेल के बाथरूम में गिरे सत्येंद्र जैन
दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। तिहाड़ जेल प्रशासन के सूत्रों के मुताबिक बुधवार रात सत्येंद्र जैन अपने वार्ड के अंदर बाथरूम के अंदर पैर फिसलने की वजह से गिर गए थे। मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में करीब एक साल से जेल में बंद सत्येंद्र जैन को पिछले एक हफ्ते में दूसरी बार अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आम आदमी पार्टी के सूत्रों के अनुसार, जैन को पहले भी रीढ़ की हड्डी में चोटें आई थीं।
जेल अधिकारी ने बताया कि आज सुबह करीब 6 बजे बंदी सत्येंद्र जैन सीजे-7 के अस्पताल के एमआई रूम के बाथरूम में फिसल कर गिर गए, जहां उन्हें सामान्य कमजोरी के कारण निगरानी में रखा गया था। इसके बाद डॉक्टरों ने उनकी जांच की। उन्हें पीठ, बाएं पैर और कंधे में दर्द की शिकायत के बाद डीडीयू अस्पताल रेफर किया गया।
35 किलो घटा सत्येंद्र जैन का वजन
इससे पहले शनिवार को भी स्वास्थ्य समस्याओं की वजह से जेल प्रशासन ने दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल भेजा था, वहां से आने के बाद पूर्व मंत्री ने दूसरे डॉक्टर से भी बीमारी को लेकर राय लेने के बाबत जेल प्रशासन को अवगत कराया था। अस्पताल से राय लेने के बाद उन्हें वापस तिहाड़ लाया गया।
जेल अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को सत्येंद्र जैन ने रीढ़ की हड्डी में दर्द की शिकायत की थी। अदालत में उनके वकील ने बताया था कि जैन का वजन 35 किलो घट गया है। उसके बाद जेल प्रशासन ने पुलिस टीम के साथ उन्हें शनिवार को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल भेजा था, जहां पर डॉक्टरों ने उनका चेकअप किया और कुछ सलाह दी थी।
हाल ही में सत्येंद्र जैन ने अपने स्वास्थ्य का हवाला देते हुए सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल किया था। जैन ने इस हलफनामे में कहा था कि जेल में रहने के दौरान उनका वजन 35 किलो कम हो गया है। 18 मई 2023 को सुप्रीम कोर्ट में सत्येंद्र जैन की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान उनके वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने जैन के स्वास्थ्य का मुद्दा उठाते हुए कोर्ट से कहा था कि जैन की तबीयत ठीक नहीं है और वह कंकाल जैसे नजर आ रहे हैं। इस आधार पर उन्होंने जमानत की मांग की थी।