Agra development project: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) अब मथुरा-आगरा क्षेत्र में एक बिल्कुल नया और अत्याधुनिक शहर बसाने जा रहा है। इस नए ग्रीनफील्ड टाउनशिप का नाम ‘न्यू आगरा अर्बन सेंटर’ रखा गया है। यह शहर लगभग 9,000 हेक्टेयर क्षेत्र में फैलेगा, जिसमें शानदार होटल, रिसॉर्ट, अस्पताल, स्कूल और मनोरंजन की तमाम सुविधाएं होंगी।
ग्रीन एरिया, चौड़ी सड़कें, और साफ हवा पर खास ध्यान
इस शहर की योजना चंडीगढ़ से प्रेरित है, यानी कि हर चीज़ सुव्यवस्थित होगी – ग्रीन एरिया, चौड़ी सड़कें, और साफ हवा पर खास ध्यान। परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट (DPR) बन चुकी है और इसके जरिए लगभग 8.6 लाख लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
मनोरंजन के क्षेत्र में यहां डिज़्नीलैंड और यूनिवर्सल स्टूडियोज जैसे थीम पार्क भी बनाए जाएंगे। करीब 322 हेक्टेयर भूमि सिर्फ मनोरंजन ज़ोन के लिए आरक्षित की गई है। वहीं, 142 हेक्टेयर में व्यावसायिक टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा।
ट्रेन से सीधी कनेक्टिविटी
नोएडा एयरपोर्ट से न्यू आगरा तक नमो भारत ट्रेन चलाई जाएगी। इसके लिए यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे 131 किलोमीटर लंबा नया रेल ट्रैक प्रस्तावित है। पहले से गाजियाबाद से नोएडा एयरपोर्ट तक 72 किलोमीटर ट्रैक की डीपीआर बन चुकी है, जिससे यह कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
आगरा-अलीगढ़ एक्सप्रेस वे के जमीन अधिग्रहण का काम पूरा, 65 किमी लंबा सफर महज घंटे भर में होगा तय
इस शहर में पर्यावरण का विशेष ध्यान रखा जाएगा। ताज ट्रैपेजियम ज़ोन (TTZ) में सिर्फ व्हाइट और ग्रीन कैटेगरी के उद्योगों को अनुमति दी जाएगी, जो पर्यावरण को नुकसान न पहुंचाएं। यहां पैदल यात्रियों के लिए अलग लेन बनाई जाएंगी ताकि ट्रैफिक कम हो और लोग ज्यादा चलने की आदत डालें।
जमीन का वितरण (प्रस्तावित मास्टर प्लान)
- आवासीय क्षेत्र: 2501 हेक्टेयर
- औद्योगिक क्षेत्र: 1812.8 हेक्टेयर
- सड़क व इंफ्रास्ट्रक्चर: 1139.02 हेक्टेयर
- ग्रीन बफर व नदी क्षेत्र: 823.7 हेक्टेयर
- मनोरंजन क्षेत्र: 322.48 हेक्टेयर
- वाणिज्यिक क्षेत्र: 340.09 हेक्टेयर
- संस्थागत: 244.13 हेक्टेयर
- मिश्रित भूमि उपयोग: 447.01 हेक्टेयर
- टूरिज्म पीएसपी: 172.5 हेक्टेयर
- वन क्षेत्र: 307.28 हेक्टेयर
इस प्रोजेक्ट से न सिर्फ आगरा को एक नई पहचान मिलेगी, बल्कि यूपी का यह हिस्सा एक नया ग्लोबल टूरिस्ट हब भी बन सकता है। इस प्रोजेक्ट से सिर्फ स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं मिलेगा, बल्कि देशभर से निवेशक और उद्योगपति भी यहां की ओर आकर्षित होंगे। ‘न्यू आगरा’ को भविष्य का स्मार्ट और पर्यावरण-संवेदनशील शहर बनाने की दिशा में इसे एक मॉडल परियोजना के रूप में देखा जा रहा है।
अधिकारियों का मानना है कि जैसे-जैसे नोएडा एयरपोर्ट और नमो भारत ट्रेन की सुविधाएं आगे बढ़ेंगी, यह पूरा क्षेत्र दिल्ली-एनसीआर का नया विस्तार बन जाएगा। यह प्रोजेक्ट न केवल आगरा की आर्थिक रफ्तार बढ़ाएगा बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन, आवास और व्यापारिक गतिविधियों को भी एक नई ऊंचाई देगा।