देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरु के करीबी सीपीएन सिंह और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के निजी सचिव रहे आरके धवन का परिवार संपत्ति विवाद में आमने-सामने आ गया है। दरअसल पूरा विवाद दिल्ली में स्थित एक दोमंजिला मकान को लेकर है, जो कि दिल्ली को गोल्फ लिंक इलाके में स्थित है और आज के समय में उसकी कीमत करोड़ो रुपए आंकी जा रही है। इस संपत्ति विवाद में सीपीएन सिंह की बेटी जयश्री सिंह ने दिल्ली की एक अदालत का रुख किया है। जयश्री सिंह का दावा है कि दिल्ली का मकान, जिस पर विवाद है, उसपर कानूनी तौर से उनका हक है। जयश्री सिंह का आरोप है कि आरके धवन की पत्नी इस मकान में गैरकानूनी तरीके से रह रही हैं। बता दें कि इसी साल अगस्त माह में आरके धवन की मृत्यु हो गई थी। जिसके बाद से दिल्ली के इस मकान में उनकी पत्नी अचला मोहन रह रही हैं।

इकॉनोमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, जयश्री सिंह का कहना है कि उनके द्वारा कई कानूनी और सार्वजनिक भेजे गए, लेकिन जब उनका कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने कोर्ट का रुख किया है। पंजाब और उत्तर प्रदेश के गवर्नर रहे सीपीएन सिंह और इंदिरा गांधी के सचिव रहे आरके धवन के बीच काफी अच्छे संबंध रहे थे। जयश्री सिंह (86 वर्ष) का दावा है कि आरके धवन साल 1978 से पहले अपने परिवार के साथ अतुल ग्रोवर रोड स्थित घर पर रह रहे थे। लेकिन 1977 में इंदिरा गांधी सरकार के सत्ता से जाने के बाद धवन परिवार को सरकारी बंगला छोड़ना पड़ा। जिसके बाद उनके सामने मकान का संकट खड़ा हो गया। चूंकि उनके पिता सीपीएन सिंह के पंडित जवाहरलाल नेहरु और इंदिरा गांधी के साथ अच्छे संबंध थे, इसलिए इंदिरा गांधी की विनती पर उनके पिता ने आरके धवन के परिवार को अपने मकान में रहने की इजाजत दी थी। इसके लिए उनके पिता ने धवन के परिवार से कोई किराया भी नहीं लिया।

जयश्री सिंह का कहना है कि अपने पिता की मौत के बाद उन्होंने भी धवन के परिवार को उनके मकान में रहने दिया। सिंह ने अपनी याचिका के साथ अदालत में म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन के सभी बकाया और अन्य टैक्स जमा करने के सबूत भी पेश किए हैं। साथ ही जयश्री सिंह ने आरके धवन द्वारा आयकर विभाग में जमा किए गए हलफनामे की कॉपी भी याचिका के साथ जमा की है। जिनमें उक्त मकान से संबंधित जानकारी दी गई है। वहीं इस मामले में अभी तक अचला मोहन से बात नहीं हो पायी है। जयश्री सिंह का आरोप है कि आरके धवन का परिवार उनके मकान को फर्जी तरीके से बेचने की कोशिश कर रहा है। सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भी पत्र लिखकर इस मामले में दखल देने की मांग की है। अदालत इस मामले पर अगले माह सुनवाई करेगी।