Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में मुस्लिम लड़की के साथ घूम रहे एक हिंदू लड़के की पिटाई कर दी गई। जबकि लड़की के साथ भीड़ ने कथित तौर पर धक्का-मुक्की की। आरोपियों ने बीच-बचाव करने आए लोगों पर चाकू से हमला किया। पुलिस ने चाकू से हमला करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है।

एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश के इंदौर में एक होटल से बाहर आने पर विभिन्न धर्मों की एक युवती और एक पुरुष के साथ कथित तौर पर मारपीट और धक्का-मुक्की की गई। युवक-युवती को बचाने आए दो लोगों पर चाकू से वार किया गया। उन्होंने बताया कि घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो गुरुवार रात शहर में हुई घटना का बताया जा रहा है। करीब 20 लोगों की भारी भीड़ में से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

इंदौर एडिशनल डीसीपी ने दी जानकारी-

इंदौर के एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस राजेश रघुवंशी ने बताया, ‘गुरुवार रात एक होटल में हिंदू लड़का और एक मुस्लिम लड़की खाना खा रहे थे। होटल से निकलते समय कुछ मुस्लिम लोगों ने पीछा करके उन्हें रोका और इन लोगों ने लड़की के हिंदू लड़के के साथ घूमने पर आपत्ति जताई और कहा कि वो हिंदू लड़के के साथ क्यों घूम रही है। इन लोगों ने लड़के की पिटाई भी कर दी।

एडिशनल डीसीपी ने कहा कि महिला ने उन्हें बताया कि वह अपने माता-पिता को बताने के बाद हिंदू युवक के साथ रात को खाना खाने गई थी। मौजूद भीड़ ने जिस तरह से बर्ताब किया। लड़की ने उस पर भी आपत्ति जताई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब दो युवकों ने बचाने की कोशिश की तो भीड़ की तरफ से उन पर चाकू से हमला किया गया।

यह पूरा मामला शहर के तुकोगंज थाने का है। यहां देर शाम एक मुस्लिम युवती अपने हिंदू दोस्त के साथ खाना खाकर एक होटल से निकल रही थी, तभी दोनों को कुछ मुस्लिम लड़कों ने घेर लिया। उन्होंने लड़की से कहा कि बुर्का पहनकर घर पर रहा करो। इन लड़कों ने लड़की को इस्लाम को लेकर भी कई तरह की नसीहतें दीं। जब हिन्दू लड़के ने उनका विरोध किया तो इन युवकों ने उसकी पिटाई कर दी।

सीएम शिवराज ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश

तुकोगंज थाना प्रभारी कमलेश शर्मा ने कहा कि भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अब तक इस मामले में सात आरोपियों की पहचान की जा चुकी है। शर्मा ने कहा कि 23-26 साल के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस पूरे मामले में कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।