Munger ASI Murder Case: बिहार में दो ASI की हत्या के बाद सियासत तेज हो गई है। अररिया में ASI की हत्या के बाद मुंगेर में एक और ASI की जान चली गई। हालांकि, प्रशासन ने मुंगेर ASI की हत्या के मुख्य आरोपी गुड्डु यादव को गिरफ्तार कर लिया है। इस बीच मुंगेर की घटना पर बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने प्रशासन से कहा है कि अगर एनकाउंटर की जरूरत हो तो करो, सरकार की ओर से खुली छूट है।

बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा, ‘यह दुखद है। सरकार गंभीरता से कार्रवाई करेगी। हम सुशासन के लिए सरकार में आए हैं और हर हाल में एक्शन होगा। आज बहुत हद तक माफिया पर अंकुश लगा है। कुछ लोग सरकार को बदनाम करने के लिए ऐसा कर रहे हैं। ऐसे लोगों को चिन्हित करके वे जिस भाषा में समझेंगे, उसी भाषा में प्रशासन समझाए। एनकाउंटर की जरूरत हो तो करे। सरकार की ओर से खुली छूट है।’

बिहार में हत्याओं पर क्या बोले तेजस्वी?

मुंगेर में ASI की हत्या पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में अपराध बढ़ रहा है, अपराधी बेलगाम हैं। मुख्यमंत्री अचेत अवस्था में हैं। बिहार में हर दिन 200 हत्याएं हो रही हैं, ज्वेलरी शोरूम में लूट, अपहरण, बलात्कार हो रहे हैं। नीतीश कुमार जमीनी स्तर पर रिपोर्ट लेंगे तो उनके प्रशासन स्तर पर भी लोग सुरक्षित नहीं हैं। उनके राज में सबसे ज्यादा पुलिसकर्मी मारे गए हैं।

मऊगंज में युवक को बचाने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, ASI की मौत, दूसरे अधिकारी के टूटे हाथ-पैर

आरजेडी नेता तेजस्वी ने आगे कहा कि अपराधी नियंत्रण से बाहर हैं क्योंकि सत्ता में बैठे लोग उन्हें संरक्षण दे रहे हैं। महिलाओं के खिलाफ सबसे ज्यादा अपराध पूरे बिहार में हो रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री को जमीनी हकीकत से कोई सरोकार नहीं है। नीतीश कुमार गृह मंत्री भी हैं लेकिन बिहार की कानून व्यवस्था को ठीक करना उनके बस में नहीं है।

मुंगेर की घटना क्या है?

बता दें, शुक्रवार शाम को डायल 112 पर सूचना मिली कि बिहार के मुंगेर जिले के नंदलालपुर गांव में एक परिवार द्वारा शराब पीकर हंगामा किया जा रहा है। सूचना के बाद जांच के लिए ASI संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान एक पक्ष द्वारा उनपर तेज हथियार से हमला किया गया। जिसके बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से स्थिति गंभीर होने पर संतोष कुमार सिंह को पटना रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

क्या बोले मुंगेर डीआईजी?

मुंगेर डीआईजी राकेश कुमार ने एएसआई संतोष कुमार सिंह की हत्या पर कहा कि संतोष कुमार सिंह डायल 112 के अंतर्गत काम कर रहे थे। शुक्रवार शाम को उन्हें दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली, जिसके बाद वे जांच के लिए गए थे। विवाद सुलझाने के दौरान उनपर हमला किया गया था। उन्होंने कहा कि घटना में 7 लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जिसमें से 5 लोगों की गिरफ्तारी हुई है. शनिवार सुबह सभी को पुलिस टीम ले जा रही थी, इसी दौरान भागने के क्रम में पुलिस कर्मियों का हथियार छीना और फायरिंग की, पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपियों को गोली लगी।

यह भी पढ़ें-

‘मुस्लिम समुदाय से IAS, IPS, इंजीनियर…’ एपीजे अब्दुल कलाम का जिक्र कर बड़ी बात बोल गए गडकरी

ग्वालियर के कमला राजा अस्पताल में लगी आग, लोगों को बाहर निकालने के लिए तोड़े गए शीशे; 150 मरीजों को किया गया शिफ्ट