मुंबई से जयपुर जा रही जेट एयरवेज की फ्लाइट को बीच रास्ते से ही लौटना पड़ा। कारण- सफर के दौरान यात्रियों के नाक और कान से खून बहने (ब्लीडिंग) की शिकायत आई थी। ऐसा केबिन प्रेशर गड़बड़ा जाने की वजह से हुआ। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, केबिन में प्रेशर संतुलित करने वाला स्विच क्रू दबाना भूल गया था। यही वजह है कि सफर के बीच में 166 में से 30 यात्रियों के नाक और कान से अचानक खून निकलने लगा, जबकि कुछ को सिरदर्द की दिक्कत आई। विमान में इसके बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया था। फ्लाइट इसके बाद मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड कराई गई, जहां से कुछ पीड़ितों को अस्पताल भेजा गया।
डिरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) की ओर से बताया गया, “मामले की जानकारी पर तत्काल क्रू को ड्यूटी से हटाया गया, जबकि एयरक्राफ्ट एक्सिडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) को जांच सौंपी गई है। पड़ताल शुरू हो गई है।”
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो फ्लाइट ने सुबह साढ़े पांच बजे उड़ान भरी थी। पर एक घंटे बाद ही मुंबई में उसकी एमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट में उस दौरान दर्शक हाथी नाम के यात्री भी सवार थे। उन्होंने घटना के दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली थी। देखिए क्रू से हुई चूक के चलते यात्रियों को कैसे इस समस्या का सामना करना पड़ा-
Panic situation due to technical fault in @jetairways 9W 0697 going from Mumbai to Jaipur. Flt return back to Mumbai after 45 mts. All passengers are safe including me. pic.twitter.com/lnOaFbcaps
— Darshak Hathi (@DarshakHathi) September 20, 2018
वहीं, जेट एयरवेज के प्रवक्ता का कहना है, “केबिन प्रेशर अनियंत्रित होने के कारण मुंबई-जयपुर फ्लाइट को बीच बीच में ही लौटना पड़ा। 166 यात्रियों और पांच क्रू सदस्य उस वक्त विमान थे, जो कि मुंबई में सही-सलामत उतारा गया। सभी यात्री ठीक है। जिन यात्रियों को नाक से खून निकलने की शिकायत आई थी, उन्हें मेडिकल सुविधाएं मुहैया कराई गईं।”
प्रवक्ता के मुताबिक, “फ्लाइट के कॉकपिट क्रू को मामले की जांच तक ड्यूटी से हटा दिया गया है। हम लोग इस फ्लाइट के यात्रियों के लिए एक वैकल्पिक फ्लाइट का बंदोबस्त कर रहे हैं।” हालांकि, जेट एयरवेज ने बाद में यात्रियों के लिए 10 बजकर 15 मिनट पर जयपुर के लिए वैकल्पिक फ्लाइट का इंतजाम कर दिया।