Mulayam Singh Yadav Health Bulletin: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की तबीयत काफी नाजुक बताई जा रही हैं। रविवार (9 अक्टूबर) को अस्पताल प्रशासन ने कहा, “वह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में हैं और जीवन रक्षक दवाओं पर हैं।” इस बात की जानकारी समाचार एजेंसी एएनआई ने दी। मेदांता अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ संजीव गुप्ता ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का इलाज विशेषज्ञों की एक टीम कर रही है।

मुलायम सिंह यादव का 22 अगस्त से नियमित मेडिकल चेकअप और जांच के लिए इलाज चल रहा है। बीते रविवार अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई जिसके बाद उन्हें मेदांता अस्पताल के आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। मुलायम सिंह यादव की उम्र 82 साल है। शुक्रवार (7 अक्टूबर) को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अस्पताल में मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की थी। बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने भी अस्पताल जाकर स्वास्थ्य का हाल लिया था।

नीतीश कुमार ने अखिलेश यादव फोन पर की बात

इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी अखिलेश यादव से बात कर उनके पिता के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लिया था. मुख्यमंत्री कार्यालय, बिहार ने कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के बिगड़ते स्वास्थ्य की सूचना मिलने पर उनके बेटे और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से फोन पर बातचीत की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने कामना की है कि मुलायम सिंह यादव के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए।”

10 बार विधायक और सात बार लोकसभा सांसद

मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के सबसे प्रमुख नेताओं में से एक हैं, जिन्होंने तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में काम किया और रक्षा मंत्री के रूप में केंद्र सरकार में भी काम किया। वह 10 बार विधायक और सात बार लोकसभा सांसद चुने गए हैं। साथ ही मुलायम सिंह यादव समाजवादी पार्टी के संस्थापक भी हैं।