Mulayam Singh Health Update: समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। मेदांता अस्पताल ने हेल्थ बुलेटिन जारी किया। जिसमें कहा गया है कि विशेषज्ञों की एक टीम गहन चिकित्सा इकाई में उनका इलाज कर रही है। उन्हें जीवनरक्षक दवाएं दी जा रही हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।
बता दें, मुलायम सिंह यादव 22 अगस्त से नियमित चिकित्सा जांच करा रहे हैं। फिर रविवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें मेदांता अस्पताल के आईसीयू में शिफ्ट कर किया। यूपी के पूर्व सीएम 82 साल के हैं। जानकारी के मुताबिक रविवार को उनके बेटे अखिलेश यादव, बहू डिंपल यादव और भाई शिवपाल यादव अस्पताल पहुंचे थे।
कार्यकर्ताओं को समाजवादी पार्टी लगातार ट्वीट के माध्यम से मुलायम सिंद यादव के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दे रही है। कार्यकर्ताओं को अस्पताल में नहीं आने के लिए पार्टी की तरफ से कहा गया है।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव भी बुधवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में मुलायम सिंह के स्वास्थ्य का हाल जानने के लिए पहुंचे थे। वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मेदांता अस्पताल में मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
मुलायम सिंह की सेहत को लेकर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को फोन किया था और उनके पिता मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। यूपी के सीएम ने मेदांता अस्पताल के डॉक्टरों से भी बात की थी और वरिष्ठ नेता को बेहतरीन इलाज मुहैया कराने को कहा था।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अखिलेश यादव से फोन कर मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी। साथ ही उनके इलाज के लिए हर संभव मदद का भरोसा दिया था।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी मुलायम सिंह यादव के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी। नीतीश कुमार ने ट्वीट करते हुए लिखा था, ‘समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के बिगड़ते स्वास्थ्य की जानकारी मिलने पर उनके पुत्र एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से फोन पर बात कर मुलायम सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।