Shiv Sena (UBT) Aaditya Thackeray: महाराष्ट्र में चल रहे तमाम राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच शिवसेना (यूबीटी) के नेता और विधायक आदित्य ठाकरे ने राज्य की देवेंद्र फडणवीस सरकार पर बड़ा हमला बोला है। रविवार को मुंबई में पत्रकारों से बातचीत के दौरान आदित्य ठाकरे ने कहा, “बीजेपी की मानसिकता वैसी ही है, जैसी महाराष्ट्र पर आक्रमण करने वालों की थी।”
आदित्य ठाकरे ने कहा, “आज मुंबई, पुणे, छत्रपति संभाजी नगर के हाल देखिए, किसान और महिलाओं की स्थिति देखिए, ऐसा लग रहा है कि जैसे यहां मुगलों का राज चल रहा है और यही मानसिकता वाले लोग यहां आकर छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान करते हैं।”
आदित्य ने कहा कि ऐसे ही लोग औरंगजेब की कब्र को समाधि समझते हैं क्योंकि महाराष्ट्र में ही औरंगजेब को दफनाया गया था।
शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह महाराष्ट्र आए थे और उन्होंने कहा था कि यह छत्रपति शिवाजी महाराज की दृढ़ इच्छाशक्ति का ही परिणाम था कि औरंगजेब को महाराष्ट्र में हार मिली और इसी धरती में उसे दफनाया गया। शाह ने कहा था कि छत्रपति शिवाजी महाराज को महाराष्ट्र तक ही सीमित नहीं रखा जाना चाहिए बल्कि वह पूरे विश्व की धरोहर हैं। शाह ने कहा था कि हर बच्चे को शिवाजी महाराज के इतिहास के बारे में पढ़ाया जाना चाहिए।
औरंगजेब की कब्र पर क्यों गए थे छत्रपति शिवाजी महाराज के पोते शाहू प्रथम?
औरंगजेब की कब्र को लेकर हुआ बवाल
बताना होगा कि पिछले दिनों मुगल शासक औरंगजेब की कब्र को लेकर महाराष्ट्र और इसके बाहर भी बहुत बड़ा राजनीतिक बवाल हो चुका है। औरंगज़ेब को लेकर बहस ‘छावा’ फिल्म के आने के बाद शुरू हुई थी और बाद में छत्रपति संभाजी नगर में उसकी कब्र को हटाने की मांग तक पहुंच गई। इस दौरान नागपुर में हिंसा भी हुई।
औरंगजेब का महाराष्ट्र से क्या कनेक्शन, मराठा समुदाय क्यों मानता है इस मुगल शासक को अपना दुश्मन?
पिछले महीने शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने कहा था कि महाराष्ट्र में बीजेपी की अगुवाई वाली सरकार का शासन औरंगजेब के वक्त से भी बदतर है। उन्होंने कहा था कि महाराष्ट्र के किसान इस भगवा पार्टी के शासन के कारण मर रहे हैं और राज्य में किसान, बेरोजगार और महिलाएं आत्महत्या करने को मजबूर हैं। संजय राउत ने कहा था कि औरंगजेब की कब्र नहीं टूटनी चाहिए क्योंकि यह मराठों के शौर्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा था कि हमारी आने वाली पीढ़ियों को पता चलना चाहिए कि शिवाजी महाराज और मराठों ने किस तरह दुश्मनों से लड़ाई लड़ी लेकिन वे मराठों पर हावी नहीं हो सके।
यह भी पढ़ें- ‘महाराष्ट्र में BJP का शासन औरंगजेब के वक्त से भी बदतर’