मध्य प्रदेश में मंगलवार को लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में राज्य की कुल नौ लोकसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। राज्य में लोकसभा चुनाव के पहले दो चरणों में बारह सीटों पर वोटिंग हो चुकी है। मंगलवार को होने वाले तीसरे चरण के चुनाव में मोदी सरकार के मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और दिग्विजय सिंह जैसे दिग्गज नेताओं की चुनावी किस्मत वोटिंग मशीन में बंद हो जाएगी।

इन सीटों पर डाले जाएंगे वोट

मंगलवार को मध्य प्रदेश की जिन नौ लोकसभा सीटों पर वोटिंग होनी है, उनमे मुरैना, भिंड (आरक्षित), ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़ और बैतूल (आरक्षित) शामिल हैं। ये नौ लोकसभा क्षेत्र एमपी के कुल 19 जिलों को कवर करते हैं। इन सीटों पर कुल 127 उम्मीदवार सियासी रण में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनके भाग्य का फैसला कुल 1.77 करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे।

सुबह सात बजे से शुरू होगा मतदान

मध्य प्रदेश में तीसरे चरण के लिए 20,456 केंद्र पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। इन मतदान केंद्रों में से 1,043 केंद्रों का प्रबंधन पूरी तरह से महिलाओं द्वारा किया जाएगा। मध्य प्रदेश के CEO अनुपम राजन ने सोमवार को  कहा, “इन निर्वाचन क्षेत्रों में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए गए हैं और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।”

एमपी के तीसरे चरण में सिर्फ नौ महिलाएं

एमपी में तीसरे चरण के चुनाव में नौ महिलाओं सहित 127 उम्मीदवार मैदान में हैं। बात अगर लोकसभा क्षेत्रों की करें तो भोपाल में सबसे ज्यादा 22 उम्मीदवार हैं, जबकि भिंड में सबसे कम सात उम्मीदवार हैं।आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 1,77,52,583 पात्र मतदाता हैं, जिनमें 92,68,987 पुरुष, 84,83,105 महिलाएं और 491 ट्रांसजेंडर हैं।

इन दिग्गजों के प्रदर्शन पर रहेगी नजर

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने गृह क्षेत्र गुना को फिर से हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। साल 2019 के चुनाव में वह इस सीट से चुनाव हार गए थे। उस समय वह कांग्रेस में थे। बीजेपी के दिग्गज नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगभग 17 वर्षों के बाद विदिशा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। यह क्षेत्र बीजेपी का गढ़ रहा है। उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार प्रताप भानु शर्मा से है। राजगढ़ में, कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह (77) का मुकाबला दो बार के भाजपा सांसद रोडमल नागर है। (इनपुट – एजेंसी)