मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की जंग जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है वैसे-वैसे ऑडियो-वीडियो से हमले भी उफान पर पहुंच रहे हैं। शिवराज, कमलनाथ, राकेश सिंह के बाद अब मध्य प्रदेश सरकार के पूर्व राजस्व मंत्री और सीहोर की इछावर सीट से भाजपा के प्रत्याशी करण सिंह वर्मा पर नोट बांटने का आरोप लगा है। कांग्रेस नेता सैयद जाफर ने उन पर मतदाताओं को लालच देने का आरोप लगाया है।

वीडियो में करण सिंह हाथों में नोटों का पैकेट लेकर किसी शख्स को अपनी तरफ बुलाकर पैसे देने की बात कर रहे हैं। इस दौरान उनके साथ स्थानीय भाजपा नेता जगदीश मेवाड़ा भी दिख रहे हैं। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि बीजेपी के मंत्री और मुख्मंत्री पैसों के दम पर चुनाव जीतना चाहते हैं। उन्होंने गौरीशंकर शेजवार और मुकेश टंडन का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा शराब, साड़ी और पैसे के दम पर चुनाव जीतने की बात कर रही है।

उल्लेखनीय है कि भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाने वाली इस सीट पर पिछले चुनाव में करण सिंह वर्मा को शैलेंद्र पटेल से हार का सामना करना पड़ा था। वर्मा प्रदेश भाजपा के कद्दावर नेता माने जाते हैं। वे उमा भारती की सरकार में पीडब्ल्यूडी और शिवराज सिंह की सरकार में राजस्व मंत्री रह चुके हैं। सीहोर के नजदीक होने से इस सीट पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का भी प्रभाव माना जाता है। हालांकि चुनावी मौसम के चलते किसी भी वीडियो की पुष्टि नहीं की जा सकती लेकिन कांग्रेस के आरोप के बाद भाजपा की तरफ से इसका जवाब नहीं दिया गया है।