उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘अच्छे दिन आएंगे’ के जुमले को आधार बनाकर उन पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि ‘अच्छे दिन आएंगे’ कहकर देश की जनता से धोखा किया गया। अखिलेश ने रविवार को सैफई में जनता दर्शन में लोगों की समस्या सुनने के दौरान यह बात कही।

उन्होंने कहा कि अच्छे दिन के झांसे से अब जनता 2017 में बाहर निकलकर झूठे वादे करने वालों को सबक सिखाएगी। राज्य में मुख्य विपक्षी दल बसपा के बारे में उन्होंने कहा कि उसका कोई सिद्धांत ही नहीं है। इस दौरान उन्होंने एक हजार से ज्यादा लोगों की समस्याएं सुनीं और एसएसपी को निर्देश दिए कि पंचायत चुनाव के दौरान हुई घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराएं। कोई निर्दोष नहीं फंसना चाहिए।

इससे पहले अखिलेश यादव ने शनिवार शाम पूर्व राज्यमंत्री रवींद्र श्रीवास्तव के आवास पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यहां की लायन सफारी को विश्व स्तरीय बनाया जाएगा। इस सफारी में पांच शावकों की मौत पर उन्होंने खेद जताते हुए कहा कि अब प्रदेश सरकार गुजरात के विशेषज्ञों सहित अन्य विशेषज्ञों की भी सलाह ले रही है। उनका प्रयास है कि लायन सफारी जल्द से जल्द चालू हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश में गंगा की तरह यमुना को भी साफ कराने पर ध्यान दे। प्रदेश सरकार इसमें पूरी मदद करेगी। उन्होंने कहा कि यमुना की हालत बहुत खराब है। यमुना का यही गंदा पानी खेतों में जा रहा है जिससे सब्जियां व अनाज पैदा हो रहा है। यह लोगों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।

अपनी सरकार की उपलब्धियों के बारे में उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा सरकार चारों तरफ विकास करा रही है। उनकी सरकार बेरोजगारों को नौकरी व रोजगार उपलब्ध कराने के उद्यम में लगी है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में लोगों को दवाइयां व इलाज मुफ्त दिया जा रहा है। सबसे ज्यादा प्रदेश सरकार ने समाजवादी पेंशन बांटी है। चारों तरफ सड़कों व पुलों का जाल बिछ रहा है।

दिल्ली को जोड़ने वाला लखनऊ एक्सप्रेसवे व मेट्रो रेल ऐतिहासिक कदम होगा। उन्होंने कहा कि इटावा जेल को शहर से जल्द ही स्थानांतरित कर दिया जाएगा। उस जगह पर नया लोहिया पार्क बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा सपा के जिला पंचायत सदस्य जीते हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष भी सबसे ज्यादा सपा के ही बनकर आएंगे। उन्होंने प्रदेश में महागठबंधन के बारे में कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया।