दुनिया में कैसे-कैसे लोग है, जो ऐसे दुस्साहस कर जाते हैं, जिन्हें सुनकर लोग चौंक जाते हैं। सड़क पर जा रही महिला से एक बदमाश ने सोने की चेन छीनकर भागने लगा। महिला ने शोर मचाया तो लोगों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया, लेकिन तब तक बदमाश पूरी चेन मुंह में डालकर निगल गया। इस पर लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। इससे वह घायल भी हो गया। चेन 7.5 ग्राम की थी। बाद में सूचना पर पुलिस आई और उसे डॉक्टर के पास ले गई तो उसे जबरन केला खिलाकर चेन बाहर निकाली जा सकी।
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के सिटी मार्केट के पास एमटी रोड पर एक महिला कहीं जा रही थी। इसी बीच दो लोगों के साथ एक बदमाश वहां पहुंचा और महिला के गले से सोने की चेन छीन ली। इस पर महिला ने शोर मचाकर पकड़ने की गुहार लगाई तो लोगों ने उसे दौड़ा लिया। लेकिन तब तक वह पूरी चेन निगल ली थी। इस पर लोगों ने उसकी जमकर पिटाई करके उसे घायल कर दिया। महिला और अन्य लोगों की सूचना पर वहां स्थानीय पुलिसकर्मी पहुंचे तो उसकी हरकत देखकर वे भी चौंक गए। महिला ने बताया कि चेन 7.5 ग्राम की थी।
इसके बाद पुलिस उसे लेकर एक अस्पताल गई। डॉक्टरों को पूरी बात बताई तो वे भी अवाक रह गए। पुलिस ने कहा कि इसके पेट से चेन हर हाल में निकालनी है, नहीं तो खुद उसके लिए भी खतरा हो जाएगा। डॉक्टरों ने उसका चेक-अप और एक्स-रे किया तो चेन उसके पेट में दिखी।
डॉक्टर्स ने उसको आधा दर्जन केले खिलाए और बाद में एक सिरप भी पिलाया। इसके कुछ देर बाद चेन उसके पेट से निकल सकी। बदमाश की इस दुस्साहस से हर कोई हैरान रह गया। बहरहाल पुलिस ने महिला को चेन देकर बदमाश के खिलाफ केस दर्ज कर जांच-पड़ताल की कार्रवाई शुरू कर दी।