यूपी के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा है कि देसी गाय का दूध अमृत है। गाय के गोबर में लक्ष्मी का वास है। गाय के मूत्र में गंगा मैया रहती हैं। शास्त्र कहता है कि यदि कहीं वास्तु दोष हो, घर में गृहदोष हो तो गाय मूत्र का छिड़काव करेंगे तो ये सारे दोष दूर हो जाएंगे। कुल नौ ग्रह होते हैं। इस बारे में हमने सभी से आग्रह किया है। हरदोई में मीडिया से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि इन उपायों का पालन करने से लाभ जरूर होता है।
उन्होंने कहा, “आज हमने मुख्यमंत्री को गाय के गोबर से बने सवा लाख दीपक दिये हैं। उससे अयोध्या की दीपावली पर दीये जलाए जाएंगे। जिसे दुनिया देखेगी। मीडिया वालों से भी निवेदन है कि घरों में नौ दीपक जरूर जला दें। इससे नवग्रह होते हैं। नवग्रह ठीक रहेंगे तो परिवार में सुख-शांति रहेगी, यश-समृद्धि आएगी।” उन्होंने कहा कि मुसलमान अपने घरों में दीपक जलाएंगे तो उनके घरों में भी शुद्धता होगी और समृद्धि आएगी। उन्होंने गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उपाय के बारे में भी बताया। इसके लिए दो रुपये किलो गाय का गोबर खरीदने और सीएनजी बनाने का प्लान है।
उन्होंने कहा कि ये उपाय सभी के लिए हैं। उन्होंने एक राजमिस्त्री की सच्ची घटना भी बताई और कहा कि इन उपायों को करने से उसकी परेशानी दूर हो गई। इस बार दीपावली पर अयोध्या में 15 लाख दीपक जलाये जाएंगे। इसके लिए तैयारियां तेजी से शुरू कर दी गई हैं। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार दीपावली पर अयोध्या आएंगे और भगवान रामलला का दर्शन-पूजन करने के बाद दीपदान करेंगे।