NYT article Featuring Manish Sisodia: दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर सीबीआई ने शुक्रवार को छापेमारी की है। दिल्ली सरकार की आबकारी नीति को लेकर सीबीआई की टीम ने यह छापेमारी की है। जांच एजेंसी ने सात राज्यों के 21 ठिकानों पर छापेमारी की है, जिसको लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी में घमासान छिड़ा हुआ है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जिस दिन अमेरिका के सबसे बड़े अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स के फ़्रंट पेज पर दिल्ली शिक्षा मॉडल की तारीफ और मनीष सिसोदिया की तस्वीर छपी, उसी दिन मनीष के घर केंद्र ने CBI भेजी है। अरविंद केजरीवाल ने NYT के अखबार की कटिंग भी शेयर की है।

अरविंद केजरीवाल ने NYT के जिस कटिंग का जिक्र किया है, उसमें दिल्ली के स्कूलों के बारे में लिखा गया है। इसमें लिखा गया है, “बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर सेवाओं के वादे पर अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार दिल्ली में आई। इसमें दिल्ली के सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने के अरविंद केजरीवाल के वादे का भी जिक्र किया गया है।

इसमें लिखा गया है कि अरविंद केजरीवाल ने इन स्कूलों की हालत सुधारने के लिए करोड़ों खर्च करने की प्रतिबद्धता दिखाई जहां पीने का पानी भी मौजूद नहीं था और सांपों का बसेरा बन गया था। ‘Our Children are worth It’ के साथ दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की तस्वीर अखबार ने छापी है।

सीबीआई रेड पर भड़के अरविंद केजरीवाल

दूसरी तरफ, मनीष सिसोदिया के घर सीबीआई की छापेमारी पर भड़के दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर केंद्र पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, दिल्ली के शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल की पूरी दुनिया चर्चा कर रही है। इसे ये रोकना चाहते हैं, इसीलिए दिल्ली के स्वास्थ्य और शिक्षा मंत्रियों पर रेड और गिरफ्तारी की जा रही है।” आप संयोजक ने कहा कि 75 सालों में जिसने भी अच्छे काम की कोशिश की,उसे रोका गया, इसीलिए भारत पीछे रह गया।उन्होंने कहा कि दिल्ली के अच्छे कामों को रुकने नहीं देंगे।