ममता बनर्जी शुक्रवार (27 मई) को दूसरी बार पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। उनके साथ ही 17 नए चेहरों सहित कुल 42 मंत्री भी शपथ लेंगे। इनमें कोलकाता के मेयर सोवन चटर्जी, पूर्व क्रिकेटर लक्ष्मीरतन शुक्ला और गायक इंद्रनील सेन भी शामिल हैं। ममता बनर्जी ने गुरुवार को गवर्नर केसरी नाथ त्रिपाठी से मुलाकात की और शपथ लेने वाले मंत्रियों की सूची सौंपी। शपथ ग्रहण कार्यक्रम रेड रोड पर दोपहर 12.45 बजे होगा।
अधिकारियों का कहना है कि 1000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पहली बार कोई मुख्यमंत्री के रूप में रेड रोड पर शपथ लेगा। कार्यक्रम जनता के लिए खुला रखा गया है। ममता बनर्जी ने पत्रकारों को बताया, ”मैंने राज्यपाल को सूची सौंप दी है। हम कल(शुक्रवार) को शपथ लेंगे। मालदा जिले को छोड़कर सभी जिलों, जातियों और धर्मों के लोगों को मंत्रीमंडल में जगह मिलेगी। मालदा में हमारे पास कोई प्रतिनिधि नहीं है। 42 में से कुछ नए चेहरे हैं बाकी पुराने लोग है।”
Read Also: राज्यसभा में मोदी की परेशानी कम करेंगी ममता बनर्जी, GST बिल को समर्थन का एलान
नए चेहरों में सोवनदेब चट्टोपाध्याय, अबानी मोहन जोरदर, अब्दुर रजाक मुल्ला, सुवेंदु अधिकारी और रबिंद्रनाथ घोष भी शामिल हैं। नारदा स्टिंग में फंसे फरहाद हकीम फिर से मंत्री बनेंगे। कोलकाता के मेयर सोवन चटर्जी का नाम भी इस मामले में आया था। सूत्रों का कहना है, ”सोवन लंबे समय से ममता के विश्वस्त हैं। मेयर के रूप में उन्होंने कोलकाता में काफी काम किया है।” कार्यक्रम में बंगाल भाजपा के नेता शामिल नहीं होंगे लेकिन केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली और बाबुल सुप्रियो मौजूद रहेंगे।