पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अंतरराष्ट्रीय यूनिवर्सिटी द्वारा सम्मान मिला है। उन्हें जापान की एक यूनिवर्सिटी ने डी लिट की उपाधि प्रदान की है। एक तरीके से यह डॉक्टरेट की उपाधि मानी जाती है। 12 नवंबर को कोलकाता के एक ऑडिटोरियम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया और ममता बनर्जी को यह सम्मान सौंपा गया। इस दौरान जापान के योकोहामा नेशनल यूनिवर्सिटी ने ममता बनर्जी को मानद डी लिट की उपाधि दी है। इस दौरान विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि में मौजूद रहे।
पहले भी मिल चुकी है मानद उपाधि
एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया, “यह पहली बार होगा जब मुख्यमंत्री को किसी विदेशी विश्वविद्यालय से ऐसा सम्मान मिलेगा।” तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और सीएम ममता बनर्जी को इससे पहले कलकत्ता विश्वविद्यालय, सेंट जेवियर्स विश्वविद्यालय और भुवनेश्वर स्थित कलिंगा औद्योगिक प्रौद्योगिकी संस्थान (KIIT) से मानद डी.लिट. की उपाधि मिल चुकी है।
इससे पहले जब कलकत्ता विश्वविद्यालय ने ममता बनर्जी को मानद डिग्री दी थी, तब काफी बवाल भी हुआ था। तत्कालीन राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी ने ममता बनर्जी को यह सम्मान प्रदान किया था। उसे समय कलकत्ता हाई कोर्ट में इसके खिलाफ एक मामला भी दायर किया गया था।
‘बोलने से पहले सोचें’, ममता बनर्जी ने गैरजिम्मेदाराना टिप्पणी करने वाले मंत्रियों को दी चेतावनी
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने दी बधाई
वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सम्मान मिलने पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने भी बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि उन्हें अंतर्राष्ट्रीय यूनिवर्सिटी ने सम्मान दिया है। भट्टाचार्य ने कहा कि ममता बनर्जी हमारे राज्य की मुख्यमंत्री हैं और मैं सम्मान के लिए उन्हें बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी चित्रकारी भी करती हैं और कवि भी हैं, 100 से अधिक किताबें लिख चुकी है, शायद इसीलिए उन्हें यह सम्मान दिया जा रहा है।
