Mainpuri Lok Sabha By-election 2022: समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए डिंपल यादव को चुनावी मैदान में उतारा है। ऐसे में जो सबसे बड़ा सवाल है, वो यह है कि क्या प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव अपना समर्थन डिंपल यादव को देंगे। वहीं जिस तरह से चुनाव से ठीक पहले शिवपाल ने मोर्चा खोला है। उसको लेकर संशय बरकरार है।

गुरुवार को उत्तर प्रदेश के उन्नाव पहुंचे शिवपाल यादव से जब डिंपल यादव के चुनाव प्रचार को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि आज ही अधिसूचना जारी हुई है। दो-चार दिन में सब पता चल जाएगा। मीडिया को बुलाकर इस संबंध में जानकारी दे दी जाएगी।

वहीं मैनपुरी से तेज प्रताप यादव के टिकट मिलने को लेकर भी चर्चाओं का बजार गर्म था। ऐसे में जब तेज प्रताप से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जनता की मांग पर डिंपल यादव को टिकट दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव पर देश की नजर है, समाजवादी पार्टी बड़े अंतर से इस चुनाव को जीतेगी। जब तेज प्रताप से पूछा गया कि अगर बीजेपी अपर्णा यादव को चुनाव मैदान में उतारती है तो ऐसी स्थिति पर आप क्या कहेंगे। इस सवाल के जवाब पर तेज प्रताप ने कहा कि भाजपा किसी को भी चुनाव मैदान में उतारे उसको हार का मुंह देखना पड़ेगा।

डिंपल यादव ने 2009 में फिरोजाबाद सीट से लड़ा था पहला चुनाव

बता दें, 44 वर्षीय डिंपल यादव ने अपना पहला चुनाव 2009 में फिरोजाबाद सीट से लड़ा था। इस उपचुनाव में डिंपल यादव को मशहूर अभिनेता राज बब्बर को हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 2012 में कन्नौज लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में डिंपल यादव निर्विरोध जीत गई थीं। 2014 के लोकसभा चुनाव में भी डिंपल यादव ने कन्नौज से चुनाव जीता, लेकिन 2019 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

मैनपुरी सीट पर सपा का दशकों से रहा है कब्जा

गौरतलब है कि मैनपुरी में 5 दिसंबर 2022 को उपचुनाव होने हैं। मैनपुरी लोकसभा सीट मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई है। इस सीट पर यादव परिवार का कई दशकों से कब्जा रहा है।