मुंबई के तिलक नगर में गुरुवार (27 दिसंबर) शाम 16 मंजिला रिहायशी इमारत में आग लग गई। हादसे में चार वरिष्ठ नागरिकों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए। घटना गणेश गार्डन में सरगम सोसाइटी की है, जहां 14वें माले पर लेवल-3 वाली आग लगी थी। हालांकि, काफी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। घायलों में एक व्यक्ति फायरफाइटर है। आग वहां कैसे लगी? इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है।
डेप्यूटी सीएफओ मुंबई, वी.एन. पनीग्रही ने बताया, “हमें गुरुवार शाम 7:46 बजे आग लगने की खबर मिली जिसके बाद हासदे की जगह पर 8 फायर इंजिन, 1 वॉटर टैंकर और कुछ ऐम्ब्यूलेंस भेजी गईं। आग को काबू में कर लिया गया है और कूलिंग ऑपरेशन जारी है।” मुंबई में इस महीने भीषण आग लगने की यह तीसरी बड़ी घटना है।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका की आपदा प्रबंधन इकाई के एक अधिकारी ने बताया था कि उपनगरीय इलाके तिलक नगर में स्थित 16 मंजिला भवन में आग लगी। मुंबई दमकल विभाग राहत एवं बचाव कार्य में जुटा था। उन्होंने कहा, दमकल विभाग को शाम सात बजकर इक्यावन मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। तुरंत हमारा अग्निशमन दस्ता और एम्बुलेंस मौके पर रवाना हो गए।
उन्होंने बताया कि तिलक नगर में गणेश गार्डन के पास संग्राम सोसायटी (जी+16) के 10वें फ्लोर पर आग लगी। उन्होंने बताया कि दमकल र्किमयों ने फ्लोर से छह लोगों को बाहर निकाला और उन्हें पड़ोस के राजवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया। स्थानीय निकाय द्वारा संचालित अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि पांच लोगों की मौत हो गई। घायल हुए दो अन्य लोगों का इलाज जारी है। उनकी हालत स्थिर है। घायलों में एक दमकलकर्मी भी है।
स्थानीय निकाय ने मृतकों की पहचान सुनिता जोशी (72), भालचन्द्र जोशी (72), सुमन श्रीनिवास जोशी (83), सरला सुरेश गंगर (52) और लक्ष्मीबेन प्रमजी गंगर (83) के रूप में की। सुनिता जोशी विखरोली के थाना प्रभारी संजय जोशी की मां हैं। वहीं, घायलों की पहचान श्रीनिवास जोशी (86) और दमकलकर्मी छगन सिंह (28) के रूप में हुई। अधिकारी के अनुसार, कुछ ही देर बाद आग पर काबू पा लिया गया। आगे लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

