मुंबई पुलिस ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एक गवाह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर शिवसेना सांसद संजय राउत के खिलाफ रविवार को एफआईआर दर्ज की। ये गवाह स्वप्ना पाटकर हैं जो मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गवाह हैं और इसी मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा जांच की जा रही है। शिकायत में स्वप्ना पाटकर ने दावा किया है कि उन्हें धमकी दी गई।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि गवाह स्वप्ना पाटकर को एक टाइप्ड पेपर में बलात्कार और हत्या की धमकी दी गई थी, जिसे 15 जुलाई को उन्हें दिए गए एक समाचार पत्र में रखकर भेजा गया था। पुलिस ने संजय राउत के खिलाफ आईपीसी की धारा 504 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान), 506 (आपराधिक धमकी के लिए सजा) और 509 (एक महिला के अपमान का इरादा) के तहत मामला दर्ज किया है। इस बीच स्वप्ना पाटकर ने रविवार को पुलिस में अपना बयान दर्ज कराया। अधिकारी ने कहा कि उनके (स्वप्ना पाटकर) अनुरोध के अनुसार उन्हें सुरक्षा प्रदान की गई है।
कौन हैं स्वप्ना पाटकर?
स्वप्ना पाटकर शिवसेना नेता संजय राउत के करीबी नेता रहे सुजीत पाटकर की पत्नी हैं। स्वप्ना पाटकर का एक ऑडियो क्लिप वायरल हुआ था, जिसमें संजय राउत को कथित तौर पर स्वप्ना पाटकर को धमकी देते हुए सुना गया था। स्वप्ना पाटकर पात्रा चॉल भूमि मामले में गवाह हैं। स्वप्ना पाटकर मराठी फिल्मों की प्रोड्यूसर हैं और मोटिवेशनल स्पीकर भी हैं।
स्वप्ना पाटकर ने आरोप लगाया कि 2021 में संजय राउत ने गाली-गलौच की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि संजय राउत उन्हें पिछले 8 साल से तंग कर रहे हैं। गाली-गलौंज का जो ऑडियो क्लिप वायरल है, वो लगभग सभी मीडिया हाउस के पास है। ऑडियो क्लिप जो वायरल है वह 70 सेकेंड की है और इसमें संजय राउत ने 27 बार गालियां दीं हैं। स्वप्ना पाटेकर ने धमकी वाला पत्र और ऑडियो क्लिप की जानकारी भी पुलिस को दी है।
संजय राउत के घर रविवार सुबह 7 बजे ईडी की टीम पहुंची थी और शाम 4 बजे उन्हें हिरासत में ले लिया था। बाद में रात करीब 12 बजे ईडी ने संजय राउत को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को ईडी संजय राउत को कोर्ट में पेश करेगी।