शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा है कि जन आशीर्वाद यात्रा तीसरी लहर को निमंत्रण है। विभिन्न राज्यों में केंद्रीय मंत्री यह यात्रा कर रहें हैं। उन्होंने भाजपा से धैर्य रखने को कहा है। राज्य सभा सदस्य ने दावा किया- भाजपा यह जानबूझ कर रही है, क्योंकि उसे लोगों की तकलीफों से सरोकार नहीं है।
एक मीडिया संगठन द्वारा कराए गए सर्वेक्षण में उद्धव ठाकरे को देश के शीर्ष पांच मुख्यमंत्री की सूची में स्थान मिलने से जुड़े सवाल पर राउत ने कहा कि भाजपा ओपिनियन पोल को खारिज करने की कोशिश कर रही है, क्योंकि इस सूची में भाजपा के एक भी मुख्यमंत्री का नाम शामिल नहीं हो सका।
उन्होंने पूछा कि क्यों इस सूची में एक भी भाजपा का मुख्यमंत्री शामिल नहीं है? राउत ने कहा कि अगर सर्वेक्षण के नतीजे उनके पक्ष में होते तो उनके पार्टी कार्यकर्ता ढोल बजाते और उत्सव मनाते। शिव सेना के मुख्य प्रवक्ता ने कहा- हम भी कुछ आतिशबाजी करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताया कि आने वाले समय में ठाकरे देश के शीर्ष मुख्यमंत्री बनेंगे।
BJP's 'Jan Ashirwad Yatra' in Maharashtra invitation for COVID-19 third wave, says Shiv Sena's Sanjay Raut #sanjayraut #shivsena #JanAshirwadYatra #COVID19 https://t.co/nxJFfUOLCM pic.twitter.com/dGFODibHkA
— Free Press Journal (@fpjindia) August 18, 2021
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद इसमें शामिल भारती पवार, कपिल पाटिल और भागवत कराड महाराष्ट्र में जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। इस सप्ताह की शुरुआत से राज्य के विभिन्न हिस्सों में लोगों से संपर्क स्थापित और हाल के चुनाव में भाजपा की जीत पर उनका आभार प्रकट करने के लिए यात्रा कर रहे हैं। बीजेपी इसे लेकर उत्साहित है।
बीजेपी के मुताबिक इन आशीर्वाद यात्रा के जरिए वो मोदी सरकार के नए मंत्रियों का परिचय जनता से करवाना चाहती है जो संसद में हंगामे के कारण नहीं हो पाया था। लेकिन यदि रणनीतिक तौर पर देखा जाए तो इसके कई मायने हैं। ऐसी यात्राएं तकरीबन देश के सभी राज्यों में निकाली जा रही हैं।
बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा पर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने ट्वीट किया है कि लोकतंत्र ख़तरे में है और मोदी शाह सरकार के मंत्री आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं, किस बात का आशीर्वाद? देश को बर्बाद करने का? इसका देश में विरोध होना चाहिए।