बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने बुधवार दावा किया कि मुंबई में कोरोना संक्रमण के ओमिक्रोन स्ट्रेन के सब वेरिएंट XE का मामला सामने आया है। वहीं केंद्र सरकार के सूत्रों ने इससे इनकार किया। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार सूत्रों का कहना है कि मरीज के सैंपल की जीनोम सिक्वेंसिंग में XE वेरिएंट के मौजूदगी का कोई संकेत नहीं मिला है। पिछले हफ्ते विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने म्यूटेंट को लेकर चेतावनी जारी की थी। उसने कहा था कि ये वेरिएंट कोरोना के किसी अन्य स्ट्रेन से ज्यादा संक्रामक हो सकता है।

सरकारी सूत्रों ने कहा कि जिस सैंपल में XE वेरिएंट पाए जाने की बात कही जा रही है, उसका भारत में सार्स-कोव-2 की जीनोमिक्स कंसोर्टियम (INSACOG )ने विश्लेषण किया था। इससे यह अनुमान लगाया गया कि इस वेरिएंट का जीनोमिक बनावट XE से संबंधित नहीं है। ऐसे में मौजूद साक्ष्य इसके XE वेरिएंट होना का पुष्टि नहीं करता।

क्या कहा था बीएमसी ने- इससे पहले बीएमसी ने जानकारी दी थी कि नए वेरिएंट से संक्रमित मरीज 50 वर्षीय महिला कॉस्ट्यूम डिजाइनर है। वह 10 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका से लौटी थी। इसके अलावा उसकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है और उसे वैक्सीन की दोनों डोज लग गई है। भारत आने पर वो कोरोना नेगेटिव पाई गई थी। हालांकि, 2 मार्च को टेस्टिंग में वह संक्रमित पाई गई। इसके बाद उन्हें ताज लेन एंड होटल के एक कमरे में क्वारंटाइन किया गया था। अगले दिन यानी 3 मार्च को किए गए टेस्टिंग वह नेगेटिव पाई गई थी।

BA.2 की तुलना में 10 गुना ज्यादा संक्रामक- बता दें कि XE वेरिएंट के बारे में पहली बार 19 जनवरी को ब्रिटेन में पता चला। XE वेरिएंट ओमिक्रोन BA.1 और BA.2 का कॉम्बिनेशन है। डब्ल्यूएचओ पहले ही कह चुका है कि यह BA.2 की तुलना में 10 गुना ज्यादा संक्रमक है। हाल ही में ब्रिटेन की स्वास्थ्य एजेंसी UKHSA की एक स्टडी में जानकारी सामने आई थी कि फिलहाल कोरोना के तीन हाइब्रिड वेरिएंट चल रहे हैं। इनमें से दो डेल्टा और BA.1 के दो अलग-अलग कॉम्बिनेशन XD और XF हैं और तीसरा XE है।

भारत में कोरोना की स्थिति- देश में कोरोनो वायरस मामलों में लगातार गिरावट जारी है। इसके मद्देनज गृह मंत्रालय (MHA) ने पिछले महीने कोरोना से संबंधित रोकथाम उपायों को हटाने का फैसला किया था। इसके आलावा पिछले दिनों दिल्ली में सार्वजनिक जगहों पर मास्क नहीं लगाकर जाने पर 500 रुपये के चालान को खत्म कर दिया गया है। महाराष्ट्र में कोरोना संबंधी सभी पाबंदियां हटा दी गई हैं।