Bharat jodo Yatra: कांग्रेस (Congress) की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) महाराष्ट्र (Maharashtra) पहुंच चुकी है। महाराष्ट्र में शुक्रवार (11 नवंबर, 2022) को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता आदित्य ठाकरे (Aaditya Thackeray) हिंगोली में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। वहीं कांग्रेस ने पीएम मोदी के चार दक्षिणी राज्यों के दौरे पर कटाक्ष किया है। कांग्रेस ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का असर पहले से ही महसूस किया जा रहा है।
राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो यात्रा में आदित्य ठाकरे के साथ राज्य विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे और पूर्व विधायक सचिन अहीर शामिल हुए। भारत जोड़ो यात्रा का उत्साह बढ़ाने के लिए लोगों का एक समूह हिंगोली पहुंचा था, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल थे। वे अपने साथ एक हाथी भी लाए थे। मार्ग के दोनों ओर खड़े लोगों ने यात्रा के समर्थन में और पूर्व सैन्य कर्मियों के लिए ‘एक रैंक एक पेंशन’ लागू करने की मांग करते हुए नारे लगाए। पूर्व सैनिक साहेबराव होणे ने कहा कि हमें लगता है कि कांग्रेस इस मांग को पूरा कर सकती है। राहुल ने यात्रा के मार्ग में खड़े लोगों से बातचीत भी की।
40 गद्दारों की तरह हमने खुद को नहीं बेचा: आदित्य ठाकरे
शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान के लिए हम साथ लड़ रहे हैं। हम आगे बढ़ते जाएंगे, कारवां आगे बढ़ता जाएगा। 40 गद्दारों की तरह हमने खुद को नहीं बेचा। बता दें, कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 65वें दिन में प्रवेश कर चुकी है।
शिवसेना में फूट के मद्देनजर राहुल और आदित्य के बीच मुलाकात का महत्व माना जा रहा है। शिवसेना के एक नेता ने कहा कि आदित्य कांग्रेस की राज्य इकाई से भ्रमित करने वाले संकेतों की पृष्ठभूमि में महा विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन को मजबूत करने के लिए राहुल के समर्थन की मांग कर सकते हैं। शिवसेना किसी भी कीमत पर मुंबई नगर निकाय चुनाव जीतना चाहती है। हालांकि कांग्रेस शिवसेना को समर्थन देने की बजाय अकेले जाने की बात कर रही है। वहीं आदित्य बीएमसी चुनाव का मुद्दा राहुल के सामने उठा सकते हैं।
गुरुवार को सुप्रिया सुले ने भारत जोड़ो यात्रा में लिया था हिस्सा
बता दें, गुरुवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की नेता सुप्रिया सुले और जितेंद्र आव्हाड ने यात्रा में हिस्सा लिया था। राकांपा प्रमुख शरद पवार को यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया था, लेकिन अस्वस्थ होने के कारण वह इसमें भाग नहीं ले सकें। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे को भी महाराष्ट्र में यात्रा में भाग लेने का निमंत्रण दिया गया है।