महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) ने सोमवार को राज्य भर के 29 नगर निगमों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। जिसमें बहुचर्चित बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी), ठाणे और नवी मुंबई नगर निकाय शामिल हैं। राज्य चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे ने बताया कि बीएमसी समेत सभी 29 नगर निगमों के लिए मतदान 15 जनवरी, 2026 को होगा और वोटों की गिनती 16 जनवरी को होगी।

महाराष्ट्र के अधिकांश प्रमुख शहरी केंद्रों में होने वाले चुनावों में राजनीतिक प्रतिस्पर्धा देखने को मिलने की उम्मीद है, क्योंकि स्थानीय निकाय आगामी राज्य और राष्ट्रीय चुनावों से पहले शहरी शासन और राजनीतिक लामबंदी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

एसईसी के कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन 23 दिसंबर से 30 दिसंबर तक स्वीकार किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 31 दिसंबर को की जाएगी, जबकि उम्मीदवारों को 2 जनवरी से अपना नामांकन वापस लेने की अनुमति दी जाएगी। चुनाव चिन्हों के आवंटन के साथ चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची 3 जनवरी को प्रकाशित की जाएगी।

यह भी पढ़ें- ‘वोट चोरी कांग्रेस का मुद्दा है, इंडिया गठबंधन का नहीं…’, उमर अब्दुल्ला ने राहुल गांधी के बीजेपी पर लगाए आरोपों से झाड़ा पल्ला

कुल मिलाकर, 29 निगमों में 2,869 सीटों के लिए चुनाव होंगे। एसईसी ने इन सीटों के लिए आरक्षण का ब्यौरा भी जारी किया है। इनमें से 1,442 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। सामाजिक श्रेणी के आरक्षण में, 341 सीटें अनुसूचित जाति, 77 सीटें अनुसूचित जनजाति और 759 सीटें अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित हैं।

इस घोषणा ने औपचारिक रूप से एक महत्वपूर्ण शहरी चुनावी लड़ाई के लिए मंच तैयार कर दिया है। विशेष रूप से मुंबई , ठाणे और नवी मुंबई में जहां नागरिक निकायों पर नियंत्रण का महत्वपूर्ण राजनीतिक और वित्तीय प्रभाव होता है। महाराष्ट्र में इन स्थानीय निकाय चुनावों को मिनी-विधानसभा चुनावों के रूप में देखा जाएगा। नवगठित जालना और इचलकरंजी सहित 29 नगर निगमों में से सभी वर्तमान में निर्वाचित निकाय के बजाय प्रशासकों द्वारा संचालित हैं।

यह भी पढ़ें- संजय सरावगी बने बिहार बीजेपी के नए अध्यक्ष, जानिए कौन हैं?