महाराष्ट्र बीजेपी की कार्यकारिणी की बैठक में राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शायराना अंदाज में अपनी बात कही। उन्होंने कहा, ‘मेरी हिम्मत को परखने की गुस्ताखी ना करना, पहले भी कई तुफानों का रुख़ मोड़ चुका हूँ मैं’ इसके बाद यूजर्स उनको उप मुख्यमंत्री पद की याद दिलाने लगे।
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शायराना अंदाज पर यूजर्स कमेंट्स-
जीतेश नाम के यूजर ने लिखा- ये इशारा कही उनकी तरफ तो नहीं है, जिन्होंने आपकी कुर्सी छीन कर स्टूल पकड़ा दिया। किशोर कुमार जैन ने लिखते हैं कि मुख्यमंत्री से उप मुख्यमंत्री पर आ गए। शांडिल्या काजल नाम की यूजर लिखती हैं कि देख रहीं हूं आपको उप मुख्यमंत्री बनके। आशीष बंसल लिखते हैं कि ठीक है सर, अब मुंद्रा पोर्ट पर नही मुम्बई पोर्ट पर उतरेगा सफेद ‘तूफान’। राहुल काजल नाम के एक यूजर लिखते हैं कि ये शायरी नरेंद्र मोदी, अमितशाह और जेपी नड्डा पर तंज है, क्योंकि मुख्यमंत्री बनाने की जगह इनको उप मुख्यमंत्री बना दिया।
महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख चंद्रकांत पाटिल ने शनिवार को कहा था कि पार्टी ने भारी मन से फैसला किया है कि शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे को देवेंद्र फडणवीस के बजाय राज्य का मुख्यमंत्री बनना चाहिए। उन्होंने राज्य भाजपा की कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह फैसला सही संदेश देने के लिए लिया गया है।
महाराष्ट्र विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी भाजपा ने 30 जून को उस समय आश्चर्यचकित कर दिया, जब बीजेपी ने घोषणा की कि शिंदे राज्य के मुख्यमंत्री होंगे,क्योंकि शिंदे ने ही शिवसेना को विभाजित किया था और उद्धव ठाकरे सरकार को गिराया था।
पाटिल ने कहा, “हमें एक ऐसा नेता प्रदान करने की जरूरत थी जो सही संदेश दे और स्थिरता सुनिश्चित करे। केंद्रीय नेतृत्व और देवेंद्र जी ने भारी मन से एकनाथ शिंदे को सीएम के रूप में समर्थन देने का फैसला किया। हम नाखुश थे, लेकिन निर्णय को स्वीकार करने का फैसला किया।”
शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना के 40 विधायकों के एक समूह के विद्रोह के कारण उद्धव ठाकरे सरकार गिरने के बाद उम्मीद की जा रही थी कि फडणवीस सीएम बनेंगे, लेकिन फडणवीस ने घोषणा की कि शिंदे नई सरकार का नेतृत्व करेंगे।
पूर्व सीएम फडणवीस ने भी कहा कि वह सरकार से बाहर रहेंगे, लेकिन कुछ ही घंटों में बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने घोषणा की कि फडणवीस डिप्टी सीएम के रूप में शपथ लेंगे।