Eknath Shinde: अयोध्या में रामलला के दर्शन के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे समेत विपक्षी नेताओं पर इशारों-इशारों में जमकर हमला बोला। शिंद ने कहा, ‘बाला साहेब ठाकरे का सपना था, लाखों करोड़ों राम भक्तों का सपना था कि अयोध्या में भव्य दिव्य राम मंदिर का निर्माण हो…देश के प्रधानमंत्री मोदी ने राम मंदिर का निर्माण शुरू करके ये सपना सच कर दिखाया है।’
शिंदे ने कहा कि मैं प्रभुराम से कामना करता हूं कि महाराष्ट्र के ऊपर से सभी संकट दूर हो जाएं। महाराष्ट्र की जनता सुखी हो जाए। दर्शन करके बहुत खुशी मिली। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में एक अलगपन महसूस होता है। शिंदे ने कहा कि मेरी यात्रा सफल रही। हम सभी ने रामलला का दर्शन किया। मेरी योगी जी से भी मुलाकात हुई। वहां पर एक महाराष्ट्र भवन के लिए जमीन की बात हुई और उन्होंने तत्काल उसे मान्यता दी। मैं उन्हें धन्यवाद देना चाहता हूं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें प्रभु राम की कृपा से धनुष बाण भी मिला है, पार्टी का नाम भी मिला है। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार मैं राम का आशीर्वाद लेने आया हूं। हमारे सभी सहयोगी नेता, मंत्री, विधायक और कार्यकर्ताओं के लिए ये सौभाग्य का दिन है।
कुछ लोगों को हिंदुत्व से एलर्जी होती है: एकनाथ शिंदे
एकनाथ शिंदे ने कहा कि अयोध्या का विकास तेजी से हो रहा है। लाखों करोड़ों लोगों को रोजी-रोटी के साथ मंदिर मिलने जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग हैं, जिन्हें तकलीफ भी होती है, जो जानबूझकर ऐसा करते हैं, उन्हें हिंदुत्व की एलर्जी होती है। आजादी के बाद से कुछ लोग हिंदुत्व को लेकर गलतफहमी फैला रहे थे, आज भी कर रहे हैं। हमारा हिंदुत्व सबको साथ में लेकर चलने वाला है। कई लोगों को लगता है कि हिंदुत्व अगर हर घर में पहुंच गया तो उनकी राजनीतिक दुकानें बंद हो जाएंगी। 2014 में जो सरकार पीएम मोदी के कारण हिंदुत्व की बनी है।
एकनाथ शिंदे बोले- पीएम मोदी ने मंदिर भी बना दिया, तारीख भी बता दी
शिंदे ने कहा कि गर्व से कहो हम हिंदू हैं, यह नारा बाला साहब ठाकरे ने दिया है। शिवसेना और बीजेपी की विचारधारा एक है। जानबूझकर गुमराह करने वाले मतभेद फैलाए गए। उन्होंने कहा कि 2019 में जो लोगों का मन था कि बीजेपी शिवसेना की सरकार साथ में बने। उन्हें सत्ता के लालच में गुमराह किया गया, लेकिन हमने 8 महीने पहले जनता के फैसले को निभाया है। महाराष्ट्र के लोगों के मन में जो था, ऐसी सरकार हमने बनाई है और खुलेआम दोनों की विचारधारा को लेकर आज अयोध्या में दर्शन करने आए हैं। जो लोग कहते थे कि मंदिर वहीं बनाएंगे, तारीख नहीं बताएंगे, वह लोग आज झूठे साबित हुए, क्योंकि पीएम मोदी ने मंदिर भी बना दिया और तारीख भी बता दी।