महाराष्ट्र के नवनियुक्त सीएम एकनाथ शिंदे अपने गृह जिले ठाणे पहुंचे हैं। इस दौरान एक पुलिसकर्मी को घायल देखकर उन्होंने संवेदनशीलता का परिचय दिया। दरअसल, सीएम शिंदे की बैठक के दौरान उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान एक महिला पुलिसकर्मी जख्मी हो गयी। जिसे देखते ही मुख्यमंत्री ने तुरंत उसे प्राइवेट अस्पताल में इलाज के लिए भेजा।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार (6 जुलाई 2022) को कलेक्टर कार्यालय में विशेष बैठक रखी थी। बैठक के बाद वह कार्यालय से जा रहे थे, तभी भीड़ में यह पुलिसकर्मी चोटिल हो गई थी। घायल महिला पुलिसकर्मी भी ठाणे कलेक्टर कार्यालय में तैनात सुरक्षा कर्मियों की टीम का हिस्सा थी। जिसके बाद जैसे ही सीएम शिंदे की नजर उस पर पड़ी, उन्होंने पुलिसकर्मी को इलाज के लिए ठाणे के एक प्राइवेट अस्पताल में भेजा।

एकादशी मेले की तैयारियों की समीक्षा: ठाणे के कलेक्टर कार्यालय में हुई विशेष बैठक में सीएम शिंदे ने पंढरपुर में आषाढ़ी एकादशी मेले की तैयारियों की समीक्षा की। इस बार आषाढ़ी एकादशी 10 जुलाई 2022 को है। यहां भगवान विट्ठल के दर्शन के लिए देशभर के भक्त पहुंचते हैं। यहां आने वाले भक्तों को वारकरी कहा जाता है। बैठक में सीएम शिंदे ने पंढरपुर जाने वाले भक्तों के वाहनों का टोल टैक्स नहीं वसूलने का निर्देश दिया। उन्होंने मुख्य सचिव को उनके वाहनों पर स्टिकर लगाने और स्थानीय पुलिस में पंजीकरण कराने के निर्देश दिए हैं।

पत्नी ने किया ढोल बजाकर स्वागत: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनने के बाद एकनाथ शिंदे मंगलवार को पहली बार अपने गृहनगर ठाणे पहुंचे थे। वहां ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। उनकी पत्नी लता एकनाथ शिंदे ने भी ढोल बजाकर अपनी खुशी जाहिर की। शिंदे मंगलवार रात करीब 9.30 बजे ठाणे पहुंचे। वहां पहुंचते ही उनके समर्थकों ने मुख्यमंत्री को चारों तरफ से घेर लिया और उनकी कार पर फूल बरसाकर स्वागत किया।

वहीं, दूसरी ओर महाराष्ट्र की सत्ता से हाथ थोने के बाद उद्धव ठाकरे को एक और बड़ा झटका लगा है। ठाणे नगर निगम के 67 में से 66 पार्षद शिंदे कैंप में शामिल हो गए हैं। इस तरह से पूर्व मुख्यमंत्री के हाथ से अब ठाणे नगर निगम भी चला गया है। एकनाथ शिंदे के कार्यालय से जारी एक रिलीज में कहा गया है कि महापौर नरेश म्हास्के के नेतृत्व में शिवसेना के 66 पार्षदों ने बुधवार रात मुंबई में सीएम शिंदे से मुलाकात की और उन्हें समर्थन दिया।