18 जुलाई को होने वाले देश के राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए ने आदिवासी चेहरे द्रौपदी मुर्मू को अपना उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में एनडीए में शामिल दलों का समर्थन तो उन्हें मिल ही रहा है, साथ ही साथ अन्य दल भी आदिवासी चेहरे के चलते समर्थन कर रहे हैं। वहीं शिवसेना दो गुटों में से एकनाथ शिंदे गुट ने भी द्रोपदी मुर्मू को समर्थन करने का ऐलान किया है।
शिंदे गुट के इस ऐलान के बाद शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे खेमे में स्थिति असहज हो गई है। दरअसल विपक्ष ने इस चुनाव में अपनी तरफ से यशवंत सिन्हा को अपना उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में देखना यह होगा कि कांग्रेस और एनसीपी के साथ महाराष्ट्र में सरकार में शामिल रही उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना यशवंत सिन्हा को समर्थन करती है या द्रोपदी मुर्मू को।
हालांकि बीते दिन शिवसेना के एक सांसद ने पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से द्रोपदी मुर्मू को समर्थन करने की घोषणा का आग्रह किया था। उसके एक दिन बाद पार्टी के एक बागी विधायक ने बुधवार को दावा किया कि 18 सांसदों में से 12 जल्दी ही एकनाथ शिंदे गुट में शामिल हो जायेंगे। अगर ऐसा होता है तो उद्धव ठाकरे के लिए स्थिति बेहद परेशान करने वाली होगी।
अपने निर्वाचन क्षेत्र जलगांव जिले में मीडिया से बात करते हुए, उद्धव के नेतृत्व वाली एमवीए सरकार में मंत्री रहे गुलाबराव पाटिल ने कहा, “हमारे (बागी खेमे के) पास 55 में से 40 विधायक हैं, और 18 में से 12 सांसद हैं। उनमें से चार सांसदों से मैं व्यक्तिगत रूप से मिल चुका हूं। इसके अलावा हमारे साथ 22 पूर्व विधायक भी हैं।”
वहीं शिवसेना के लोकसभा सांसद राहुल शेवाले ने मंगलवार रात उद्धव को एक पत्र लिखकर मुर्मू का समर्थन करने के लिए कहा। पत्र में उन्होंने उद्धव से अपील की कि वे पार्टी सांसदों को मुर्मू को समर्थन करने के लिए कहें। उन्होंने कहा कि, राजनीतिक मतभेदों से अलग जिस तरह से बाल ठाकरे ने यूपीए उम्मीदवारों प्रतिभा पाटिल और प्रणब मुखर्जी का समर्थन किया था, वैसे ही द्रोपदी मुर्मू को पार्टी सांसद वोट करें।
नये व्हिप प्रमुख की नियुक्ति: महाराष्ट्र विधानसभा में अल्पमत में आए शिवसेना के उद्धव ठाकरे गुट ने लोकसभा में नया मुख्य सचेतक नियुक्त किया है। पार्टी सांसदों के बागी होने की आशंका के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर बताया कि भावना गवली की जगह राजन विचारे को मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया है।