Maharashtra Heat Stroke: महाराष्ट्र में आयोजित एक सम्मान समारोह में लू लगने से 11 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई लोगों की तबीयत खराब हो गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे कार्यक्रम के बाद अस्पताल भी गए जहां अन्य बीमार लोगों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। सीएम शिंदे ने मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है। जबकि बीमार लोगों के इलाज का खर्च उठाने की बात कही है।

महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार कार्यक्रम का आयोजन रविवार (16 अप्रैल, 2023) को नवी मुंबई के खारघर में किया गया था। कार्यक्रम में लाखों की संख्या में लोग पहुंचे थे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू हुआ और लगभग तीन घंटे तक चला। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री कपिल पाटिल और राज्य के कैबिनेट मंत्रियों सहित अन्य लोगों ने भाग लिया। शाह ने सामाजिक कार्यकर्ता दत्तात्रेय नारायण धर्माधिकारी को प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया, जिन्हें अप्पासाहेब धर्माधिकारी के नाम से जाना जाता है। इस कार्यक्रम में 3 लाख से अधिक लोग जमा हुए थे और तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे कार्यक्रम में

खारघर में 306 एकड़ के विशाल मैदान में आयोजित भव्य समारोह में धर्माधिकारी के लाखों अनुयायियों ने भाग लिया था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र सरकार द्वारा स्थापित पुरस्कार धर्माधिकारी को प्रदान किया। कार्यक्रम के लिए सुबह से ही लोगों का जुटना शुरू हो गया था। इनमें से कई लोग शनिवार को ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए थे।

कार्यक्रम में पहुंचे थे 10 लाख से अधिक लोग

भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि इस कार्यक्रम में 10 लाख से अधिक लोग शामिल हुए। लगभग 300 लोगों ने डिहाइड्रेशन, बाई ब्लड प्रेशर और थकावट की शिकायत की और उन्हें चिकित्सा मुहैया कराई कई। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि अब तक 20 मरीजों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डिहाइड्रेशन की शिकायत करने वालों को खारघर के टाटा अस्पताल और नवी मुंबई, पनवेल और रायगढ़ के सरकारी अस्पतालों में भेजा गया।

मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया, ‘डॉक्टरों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अब तक 11 लोगों की जान जा चुकी है। मृतक व्यक्तियों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। समारोह के दौरान बीमार पड़ने वाले अन्य लोगों को भी सरकार मुफ्त इलाज मुहैया कराएगी। यह एक दुर्भाग्यपूर्ण और दर्दनाख घटना है। कार्यक्रम में लाखों लोग पहुंचे थे।

शिंदे ने कहा कि बीमार लोगों की हालत स्थिर है। सभी मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं। पनवेल नगर निगम के एक उपायुक्त स्तर के अधिकारी को सहायता प्रदान करने के लिए अस्पताल में नियुक्त किया गया है। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि मरीजों को किसी भी तरह की असुविधा न हो।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, “आज खारघर में आयोजित डॉ. अप्पासाहेब धर्माधिकारी के महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार समारोह में कुछ उपस्थित लोगों को हीट स्ट्रोक के कारण अस्पताल में स्थानांतरित करना पड़ा। दुर्भाग्य से उनमें से 11 की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और दर्दनाक घटना है। मैं मृतक के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं।

फडणवीस बोले- दुर्भाग्यपूर्ण और दर्दनाक घटना

फडणवीस ने एक बयान में कहा, ‘यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और दर्दनाक है कि आज सुबह महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार समारोह में भाग लेने वाले कुछ सदस्यों की लू लगने से मौत हो गई। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मृतकों के परिवारों को 5 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। जिनका इलाज चल रहा है, उनके इलाज का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।” डिप्टी सीएम ने कहा कि मैं मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं। मुख्यमंत्री ने खुद अस्पताल का दौरा किया और डॉक्टरों को उचित निर्देश दिए हैं। प्रशासन पूरा सहयोग कर रहा है। हम लगातार वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हैं। राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने इलाज करा रहे तीन लोगों की हालत गंभीर बताई है।

‘सरकार पर दर्ज हो गैर इरादतन हत्या का केस’

कांग्रेस महासचिव और महाराष्ट्र कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंधे पाटिल ने राज्य सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘सरकार के महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार कार्यक्रम के दौरान इस सरकार की लापरवाही के कारण लोगों की मौत हो गई, क्योंकि यह खुले आसमान और अप्रैल महीने में किया गया। इसके लिए सरकार पर गैर इरादतन हत्या का आरोप लगाया जाना चाहिए।

महाराष्ट्र राज्य राष्ट्रवादी युवा कांग्रेस के अध्यक्ष सूरज चव्हाण ने ट्वीट किया, ”समझ में आता है कि महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार समारोह को धूप में रखकर सरकार की लापरवाही के कारण कुछ निर्दोष लोगों की मौत हुई है और कई लोग गंभीर रूप से बीमार हुए हैं। इसके लिए सरकार पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।