जैसे-जैसे मध्य प्रदेश का विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है। कांग्रेस और बीजेपी के बीच जुबानी जंग बढ़ती जा रही है। एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के कुछ कदम उन्हें देशद्रोहियों जैसे लगते हैं। शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “ये ऐसे व्यक्ति हैं अगर किसी आतंकवादी को पुलिस मार दे तो ये आतंकवादी के घर जाते हैं, ‘जी’ कहकर संबोधित करते हैं आतंकवादी को, कई बार दिग्विजय सिंह के ये कदम मुझे देशद्रोही लगते हैं।” बता दें कि मध्य प्रदेश में इसी साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस दौरान कांग्रेस और बीजेपी के बीच जबर्दस्त सियासी रार ठनी हुई है। सीएम शिवराज सिंह चौहान इन दिनों जनआशीर्वाद यात्रा पर निकले हुए हैं। इस सिलसिले में वह दूरदराज गावों में पहुंचकर जनता से मिल रहे हैं।
बता दें कि मध्य प्रदेश की सत्ता से कांग्रेस 2003 से दूर है। 2003 में दिग्विजय सिंह एमपी के सीएम थे, तब उन्हें बीजेपी के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा था। दिग्विजय सिंह 1993 से 2003 तक एमपी के सीएम रहे। दिग्विजय सिंह पर दुनिया के कुख्यात आतंकवादी ओसामा बिन लादेन को ‘जी’ शब्द लगाकर संबोधित करने का आरोप है। एक दिन पहले उन्होंने कहा था कि जब बीजेपी के नेता 2003 चुनाव में कांग्रेस की पराजय के लिए उन्हें बंटाधार कहते हैं तो ये जुमला उन्हें परेशान नहीं करता है। दिग्विजय सिंह ने कहा था कि बीजेपी के नेता कायर हैं और गलत शब्दों का इस्तेमाल करना इनके चरित्र में है। कांग्रेस आलाकमान ने इस बार के विधानसभा चुनाव में दिग्विजय सिंह को बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्हें प्रदेश कांग्रेस की समन्वय समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।
Ye aise vyakti hain agar kisi atankwadi ko police maar de toh ye atankwadi ke ghar jaate hain , ji keh kar sambhodit karte hain atankwadi ko. Kai baar Digvijay Singh ke ye kadam mujhe deshdhrohi lagte hain: MP CM Shivraj Singh Chouhan pic.twitter.com/nzAiWztFaJ
— ANI (@ANI) July 19, 2018
मंगलवार (17 जुलाई) को इंदौर में दिग्विजय सिंह ने शिवराज सिंह चौहान को चुनौती दी और कहा, “मैं 10 साल तक सूबे का मुख्यमंत्री रहा। लेकिन भाजपा मेरे खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी आरोप अब तक साबित नहीं कर सकी है।” उन्होंने कहा, “भाजपा द्वारा बार-बार कहा जाता है कि मेरे मुख्यमंत्री रहने के दौरान प्रदेश में सड़क, बिजली और जल आपूर्ति की हालत खराब थी। लेकिन आज आपको इन क्षेत्रों में जो विकास दिखायी दे रहा है, उसकी नींव कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में ही रखी गयी थी।” कांग्रेस नेता ने प्रदेश में बेरोजगारी, पेयजल संकट और किसानों व मजदूरों की बदहाली के आरोप लगाते हुए कहा, “शिवराज की अगुवाई वाली भाजपा सरकार जनता के आशीर्वाद की पात्र नहीं है।” उन्होंने शिवराज सिंह पर तंज कसा, “शिवराज ढाई करोड़ रुपये के रथ पर सवार होकर चुनावी यात्रा पर निकले हैं। भाजपा के लोग भगवान राम की बात करते हैं। लेकिन वे भूल जाते हैं कि रावण के साथ भगवान राम के युद्ध के समय रावण रथ पर सवार था, जबकि भगवान राम की सेना पैदल थी।”
(एजेंसी इनपुट्स के साथ)