मध्य प्रदेश में चुनावी पारा बढ़ता जा रहा है। राज्य में कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही तरफ से दिग्गज चुनाव प्रचार में उतर चुके हैं। आने वाले हफ्ते में राज्य में कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अलग-अलग रैलियां करने जा रहे हैं। पार्टी के एक नेता द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी 10 अक्टूबर और प्रियंका गांधी 12 अक्टूबर को चुनाव सभाएं करने के लिए एमपी आ रहे हैं।
एमपी में इस साल के अंत में चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग 230 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए कभी भी चुनावी प्रक्रिया की घोषणा कर सकता है। राज्य की सत्ता में इस समय बीजेपी काबिज है। कांग्रेस को उम्मीद है कि इस बार वह पूर्ण बहुमत के साथ राज्य में सरकार बनाएगी। साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी मामूली अंतर से बहुमत हासिल करने से चुक गई थी। तब कांग्रेस पार्टी को 114 सीटों पर जीत मिली थी जबकि बीजेपी को 109 सीटें नसीब हुईं थीं। बाद में सिंधिया की बगावत की वजह से कमलनाथ सरकार गिर गई थी।
राहुल शहडोल में रैली करेंगे
एमपी कांग्रेस मीडिया डिपार्टमेंट के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शहडोल जिले का ब्यौहारी में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रियंका गांधी 12 अक्टूबर को मंडला में रैली करेंगी। उन्होंने बताया कि एमपी कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ इन दोनों ही रैलियों में पार्टी के शीर्ष नेताओं के शामिल होंगे।
अब तक तीन रैलियां कर चुकी हैं प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी एमपी में अभी तक तीन रैलियां कर चुकी हैं। यह उनकी चौथी रैली होगी। 5 अक्टूबर को उन्होंने धार जिले के मोहनखेड़ा में एक रैली की थी। इससे पहले वह जबलपुर और ग्वालियर में जनसभाएं संबोधित कर चुकी है।
राहुल गांधी की दूसरी रैली
बात अगर राहुल गांधी की करें तो 30 सितंबर के बाद राज्य में होने वाली शहडोल रैली उनका दूसरा कार्यक्रम होगी। 30 सितंबर को उन्होंने शजापुर में एक पब्लिक रैली को संबोधित किया था। इससे पहले पिछले साल उनके द्वारा निकाली गई भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश से होकर निकली थी।
मोहनखेड़ा में प्रियंका ने बताईं कांग्रेस की गारंटी
मोहनखेड़ा रैली के दौरान प्रियंका गांधी ने कांग्रेस की गारंटी दोहराई और जाति जनगणना की वकालत की। उन्होंने राज्य की शिवराज सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का भी आरोप लगाया। आपको बता दें कि कांग्रेस पार्टी ने चुनाव जीतने के लिए एमपी की जनता से कई वादे किए हैं। इन वादों में मुफ्त और रियायती बिजली, पुरानी पेंशन योजना, कृषि ऋण माफी और महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह शामिल हैं।