मध्य प्रदेश के झाबुआ में मानवता को शर्मासार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक महिला को अफेयर के शक में पति को कंधे पर लादकर घूमने की सजा दी गई। इतना ही नहीं इस दौरान आसपास के लोग मदद करने के लिए आगे नहीं आए और खड़े होकर वीडियो बनाते रहे। घटना  मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले की पारा पुलिस चौकी के तहत आने वाले गांव छापरी रनवासा  का है।

जानकारी के मुताबिक महिला की सात साल पहले शादी हुई थी। उसके तीन बच्चे भी हैं लेकिन पति को शक है कि महिला का किसी और के साथ प्रेम संबंध है। इसी के आधार पर महिला को यह आमनवीय कृत्य करने को मजबूर किया गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। झाबुआ थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह का कहना है कि बुधवार की रात पीड़िता का बयान लेने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी गई। महिला के पति समेत कुल सात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

वीडियो में नजर आ रहा है कि महिला अपने पति का भार उठाने के दौरान लड़खड़ा रही है लेकिन उसकी मदद के लिए कोई आगे नहीं आ रहा है। इस दौरान महिला को डंडे से पीटा भी जा रहा है। बताया जा रहा है कि महिला और उसका पति  दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करते हैं।

रविवार को दोनों गुजरात से लौटकर अपने घर आए हैं। कथित तौर पर पति ने अपने परिवार और ग्रामीणों को बताया कि उसे शक है कि महिला का सहकर्मी के साथ संबंध है। जिसके बाद लोगों ने उसे “दंड” देने का फैसला किया।