Halalpur and Lalghati name change: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दो बेहद अहम जगहों के नाम बदले जाएंगे। चर्चित हलालपुर बस स्टैंड का नाम बदलकार हनुमान गढ़ी बस स्टैंड हो जाएगा। इसके अलावा लाल घाटी का नाम बदलकार महेंद्र नारायण दास महाराज चौक रखा जाएगा। इससे संबंधित प्रस्ताव गुरुवार (3 अक्टूबर, 2022) को भोपाल नगर निगम परिषद की आम बैठक में बहुमत से मंजूर किया गया।

भोपाल नगर निगम ने मध्य प्रदेश की राजधानी में दो क्षेत्रों के नाम बदलने का फैसला किया है। भोपाल की सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर की मांग के बाद यह फैसला लिया गया है। नगर निकाय के फैसले के अनुसार, हलालपुर बस स्टैंड का नाम बदलकर हनुमान गढ़ी बस स्टैंड और लाल घाटी का नाम बदलकर महेंद्र नारायण दास जी महाराज सर्वेश्वर चौराहा कर दिया जाएगा। गुरुवार को हुई परिषद की बैठक में नाम बदलने का प्रस्ताव पारित किया गया।

दरअसल, भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने अपने प्रस्ताव में कहा था कि हलालपुरा का हलाल शब्द अशुद्ध और खराब है। गुलामी का प्रतीक हटाकर हम पुन: भारत का इतिहास बदलने का दम रखते हैं। हम भोपाल का भी इतिहास बदलने और पुन: निर्माण करने के लिए खड़े हैं। हलाल नाम अशुद्ध है, इसे हटाया जाना चाहिए।

प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा कि मेरा प्रस्ताव और अनुशंसा है कि हलालपुरा बस स्टैंड का नाम हनुमानगढ़ी बस स्टैंड रखा जाए। लालघाटी चौराहे पर कई हत्याएं हुई हैं और कई वीर-वीरांगानाएं शहीद हुई हैं, इसलिए हम उन्हें याद करते हुए नमन करें और चौराहे का नाम श्री महेंद्रनारायण दास जी महाराज सर्वेश्वर चौराहा रखा जाए।

बता दें कि जिन सूबों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। उन राज्यों में कई जगहों के नाम बदले गए हैं। इन राज्यों में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ व हरियाणा शामिल हैं। मध्य प्रदेश में नियमानुसार तीन शहरों के नाम भी बदले गए थे। इसके अलावा कई और इलाकों के नाम बदले गए। मुख्य रूप से बिरसिंहपुर पाली का नाम 2018 में मां बिरासिनी धाम, होशंगाबाद का नाम 2021 में नर्मदापुरम और बाबई का नाम 2021 में माखननगर कर दिया गया था। मध्य प्रदेश में इसी साल भोपाल के हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर रानी कमलापति रेलवे स्टेशन किया गया है।