Bharat Jodo Yatra : कांग्रेस (Congress) की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) जारी है। इस दौरान कांग्रेस सांसद नकुलनाथ (Nakul Kamal Nath) अपने संसदीय क्षेत्र छिंदवाड़ा के दौरे पर हैं। वह भारत जोड़ो यात्रा की तरह संसदीय क्षेत्र के आम लोगों से मिल रहे हैं। छिंदवाड़ा के परासिया में एक रैली में बोलते हुए सांसद नकुलनाथ ने अपनी यात्रा की तुलना भारत जोड़ो यात्रा से कर दी। नकुलनाथ ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से ज्यादा भीड़ मेरी रैली में है।
क्या कहा नकुलनाथ (Nakul Kamal Nath) ने ?
मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के बेटे सांसद नकुलनाथ ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा कोई राजनीतिक यात्रा नहीं है। यह आपके हक की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा बीजेपी द्वारा बनाए गए डर और भय का माहौल के खिलाफ निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा महंगाई के खिलाफ है। नकुलनाथ ने आगे कहा कि मध्यप्रदेश में मैं राहुल गांधी जी के साथ चला लेकिन जितनी भीड़ यहां है उतनी भीड़ भारत जोड़ो यात्रा में नहीं है। उन्होने आगे कहा कि परासिया में आई इस भीड़ को देखकर मेरे बदन में पांच किलो खून बढ़ गया है। यह यात्रा किसानों, महिलाओं के लिए निकाली जा रही है।
संसदीय क्षेत्र में निकाल रहे हैं यात्रा
छिंदवाड़ा के सांसद नकुलनाथ ने शनिवार को बड़कुही से गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भारत जोड़ों यात्रा प्रारंभ की। इस दौरान नकुलनाथ के साथ हाथ मे झंडा थामे बड़ी संख्या में युवा साथ चल रहे थे।
सांसद नकुलनाथ ने ट्वीट कर लिखा कि छिन्दवाड़ा (परासिया ) में भारत जोड़ो यात्रा को अपार जनसमर्थन। हम निकले है बढ़ती महँगाई, बेरोज़गारी, किसानों के दुःख दर्द के लिए, हम निकले है नफ़रतों को मिटाकर दिलों को जोड़ने, हम निकले है भारत जोड़ने ।
कड़ी सुरक्षा में चल रहे नकुलनाथ पर उनके प्रशंसकों ने फूलों की वर्षा भी की। जगह जगह उनका स्वागत किया गया। इस दौरान कांग्रेस के स्थानीय नेता भी वहाँ मौजूद थे।
