मध्य प्रदेश में 28 सीटों पर होने वाले उपचुनाव से पहले शिवराज सरकार के मंत्री बिसाहूलाल सिंह का लोगों को नोट बांटते वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो के आधार पर कांग्रेस ने चुनाव आयोग से शिकायत करते हुए बिसाहूलाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि बिसाहूलाल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे और आगामी उपचुनाव में वह भी चुनाव मैदान में उतरेंगे।

मंत्री के सार्वजनिक रूप से लोगों को पैसे बांटने का वीडियो कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर शेयर भी किया है। दिग्विजय सिंह ने इस ट्वीट में लिखा है कि क्या केन्द्रीय चुनाव आयोग व न्यायपालिका इस वीडियो को संज्ञान में लेगी? बिसाहूलाल मध्य प्रदेश सरकार में खाद्य मंत्री हैं। कांग्रेस ने चुनाव आयोग को दी अपनी शिकायत में कहा है कि बिसाहूलाल सिंह के विधानसभा क्षेत्र में गेहूं का भंडारण कर उसकी कालाबाजारी की जा रही है, जिससे चुनाव के लिए फंडिंग का इंतजाम किया जा रहा है।

कांग्रेस ने चुनाव आयोग से इसकी शिकायत की है और मांग की है कि या तो बिसाहूलाल सिंह को चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित किया जाए या फिर उन्हें मंत्री पद से हटाया जाए।

वहीं भाजपा बिसाहूलाल सिंह के बचाव में उतर आयी है। मध्य प्रदेश सरकार के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस पर ही उल्टे आरोप लगा दिए हैं और कहा है कि भाजपा सरकार के मंत्री बिसाहूलाल सिंह को बदनाम करने के लिए कांग्रेस फेक फोटो का सहारा ले रही है। इससे साबित होता है कि उसमें चुनाव मैदान में सीधा सामना करने की हिम्मत नहीं है। तभी वो पीठ पीछे साजिश कर रही है जबकि बिसाहूलाल जी बहुत अनुभवी और वरिष्ठ नेता हैं।

बता दें कि उपचुनाव के लिए भाजपा जल्द ही अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर सकती है। हिन्दुस्तान लाइव की एक रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा ने उपचुनाव वाली 25 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं, जिनमें उन नेताओं के नाम भी शामिल हैं, जो कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। तीन सीटों पर अभी भी चर्चा जारी हैं और जल्द ही इन पर भी पार्टी अपने उम्मीदवारों के नाम फाइनल कर लेगी।