मध्य प्रदेश में आने वाले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में राज्य की राजनीति भी गर्माने लगी है। आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह एक कार्यक्रम में शिरकत करने प्रदेश के छिंदवाड़ा गए हुए हैं, जहां उन्हें लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा है। उन्होंने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है। AAP सांसद ने लिखा, ‘छिंदवाड़ा में मेरी गाड़ी पर हमला हुआ। कार का दरवाजा खोलकर मुझे बाहर निकालने की कोशिश की गई। SC/ST एक्ट के नाम पर हिंसक विरोध शुरू हो गया है।’ इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में आया है। इसमें बड़ी तादाद में लोगों को उनकी कार को घेरे हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी SC/ST के मसले पर अपनी नाराजगी जता रहे थे। AAP सांसद को काले झंडे भी दिखाए गए। इस बीच, पुलिस अधिकारियों को वहां जमा लोगों को हटाने का प्रयास करते हुए भी देखा जा सकता है। लेकिन दर्जनों की तादाद में जमा लोग संजय सिंह की कार का रास्ता छोड़ने को तैयार नहीं थे। हालांकि, इस वीडियो में लोगों द्वारा सांसद को कार से निकालने का प्रयास करते हुए नहीं देखा गया। AAP सांसद ने उग्र लोगों पर कार से बाहर निकालने का भी आरोप लगाया है।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने एक फैसले में SC/ST एक्ट में संशोधन किया था, जिसमें बिना जांच के गिरफ्तारी पर रोक लगा दी गई थी। नरेंद्र मोदी सरकार ने एक विधेयक लाकर शीर्ष अदालत के फैसले को पलट दिया और कानून के प्रावधानों को पूर्व की तरह ही बरकरार रखा। इसके बाद से ही कई राज्यों में इसका विरोध किया जा रहा है। कुछ दिनों पहले इसमें संशोधन की मांग को लेकर भारत बंद का आह्वान किया गया था। इस दौरान कई जगहों पर विरोध-प्रदर्शन हिंसक हो गया था।
छिन्दवाड़ा मध्य प्रदेश में मेरी गाड़ी पर हमला हुआ दरवाज़ा खोलकर बाहर निकालने की कोशिश की गई ST SC ऐक्ट के नाम पर हिंसक विरोध शुरू किया जा रहा है
— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) September 11, 2018
आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह का छिंदवाड़ा में विरोध. SC ST एक्ट को लेकर दिखाए गए काले झंडे,#SCSTAct @mediagaurav@SanjayAzadSln @AamAadmiParty @ArvindKejriwal pic.twitter.com/9PMZ5muszJ
— News24 (@news24tvchannel) September 11, 2018
मध्य प्रदेश में साल के अंत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इसे देखते हुए राज्य में सत्तारूढ़ बीजेपी के अलावा विपक्षी कांग्रेस पार्टी ने भी प्रचार अभियान तेज कर दिया है। मध्य प्रदेश में दिग्विजय सिंह के बाद से अब तक कांग्रेस की सरकार नहीं बन सकी है। ऐसे में मुख्य विपक्षी दल सत्ता में आने के लिए पुरजोर प्रयास कर रहा है। कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया के अलावा कांग्रेस के अन्य नेता भी जोरशोर से प्रचार अभियान में जुटे हैं। वहीं, बीजेपी की ओर से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं।