मध्यप्रदेश में आज (मंगलवार) मुख्यमंत्री कमलनाथ अपने मंत्रिमंडल का गठन करेंगे। राजभवन में दोपहर तीन बजे मंत्रिमंडल के सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। इस समारोह में 13 कैबिनेट और 12 राज्यमंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है। मंत्रिमंडल में एक निर्दलीय, तीन महिलाओं और एक मुस्लिम को जगह मिलने की बात कही जा रही है। पहली बार मंत्री बनने वाले वालों में 15 विधायकों के नाम शामिल है।
मध्यप्रदेश में कमलनाथ के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद से मंत्रिमंडल के गठन के लिए जारी कवायद आज समाप्त हो जाएगी। प्रदेश में आज 25 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। जिनमें 13 कैबिनेट और 12 राज्यमंत्री पद की शपथ लेंगे जबकि 13 में से पांच को स्वतंत्र प्रभार दिया जाएगा। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल इन सभी को मंत्री पद की शपथ दिलाएंगी। बता दें कि हाल ही में मंत्रिमंडल के चेहरों को लेकर दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री कमलनाथ समेत प्रदेश के कई बड़े नेताओं के साथ बैठक की थी। इस मंत्रिमंडल में मालवा-निमाड़ से सबसे ज्यादा आठ और विंध्य से सबसे कम दो मंत्री बनाये जाने की संभावना जताई जा रही है।
कमलनाथ कैबिनेट में जिन 13 विधायकों को कैबिनेट मंत्री बनाये जाने की चर्चा चल रही है उनमें केपी सिंह, गोविंद सिंह, ब्रजेंद्र सिंह, बाला बच्चन, दीपक सक्सेना, सज्जन सिंह वर्मा, हुकुम सिंह कराड़ा, बिसाहूलाल सिंह और आरिफ अकील, जीतू पटवारी, तुलसी सिलावट, इमरती देवी और गोविंद सिंह राजपूत आदि के नाम शामिल है। जबकि राज्यमंत्री बनने की रेस में एंदल सिंह कंसाना, प्रदीप जायसवाल, लखन घनघोरिया, तरुण भानौत, कमलेश्वर पटेल, सचिन यादव, उमंग सिंघार, सुरेंद्र सिंह बघेल, लाखन सिंह यादव और जयवर्द्धन सिंह, पीसी शर्मा, प्रद्युमन सिंह तोमर, हर्ष यादव और योगेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह ठाकुर, हिना कांवरे आदि आगे बताए जा रहें है। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में विधानसभा का सत्र 7 जनवरी से शुरू हो रहा है। विधानसभा का सत्र 11 जनवरी तक चलेगा।