Love Jihad in Rewari: देश में इस वक्त लव जिहाद (Love Jihad) का मामला जोर पकड़े हुए हुए है। कुछ ऐसा ही मामला हरियाणा के रेवाड़ी से सामने आया है। यहां गर्लफ्रेंड के बर्थडे को मनाने के लिए मुस्लिम युवक केक लेकर पहुंचा। इस दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उसे सिविल अस्पताल में पकड़ लिया और लव जिहाद की आशंका जताते हुए पुलिस को शिकायत दी। हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने युवक से पूछताछ की फिर छोड़ दिया।

दरअसल, हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला एक मुस्लिम युवक अपने दोस्त के साथ बुधवार (23 नवंबर, 2022) को अपनी गर्लफ्रेंड का जन्मदिन मनाने के लिए निकले थे। इस दौरान सिविल अस्पताल जाने से पहले दोनों एक बेकरी पर केक बनवा रहे थे। उसकी गर्लफ्रेंड सिविल अस्पताल के किडनी वार्ड में नर्स के रूप में कार्यरत है।

लव जिहाद के आशंका के चलते बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने किया पीछा

इसी दौरान वहां खड़े बजरंग दल के कार्यकर्ताओं उनको देख लिया। युवक ने केक पर अपनी गर्लफ्रेंड का नाम लिखवाया। नाम देखकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अनुमान लगा लिया कि लड़की हिंदू समुदाय से है। इसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।
मुस्लिम युवक अपनी गर्लफ्रेंड को सरप्राइज देने के लिए सीधे नागरिक अस्पताल के किडनी वार्ड में केक लेकर पहुंच गया। जैसे ही दोनों ने केक काटना शुरू किया कि उसी दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां पहुंच गए।

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम युवक व उसके दोस्त को पकड़ लिया। साथ ही सिविल अस्पताल के चिकित्सकों को मौके पर बुलाया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का कहना है कि ऐसे कोई किडनी वार्ड में केक कटवाने की अनुमति कौन दे सकता है। साथ ही अस्पताल में आने-जाने वाले लोगों का रिकॉर्ड नहीं रखा जा रहा।

पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों को छोड़ा

जानकारी मिलने पर सिटी पुलिस सिविल अस्पताल पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने काफी देर दोनों युवकों से पूछताछ की। साथ ही उनके परिजनों से भी बात की। इस दौरान युवक-युवती ने बताया कि वह आपस में दोस्त हैं। युवक ने बताया कि वह कई सालों से लड़की को जानता है। सिर्फ उसके बर्थडे पर केक कटवाने के लिए ही आया था। पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों युवकों को छोड़ दिया। बता दें, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने लव जिहाद की आशंका के चलते पुलिस से शिकायत की थी।