कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा चल रही और इस यात्रा का नेतृत्व पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी कर रहे हैं। वहीं इस यात्रा को लेकर राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार में मंत्री प्रसादी लाल मीणा ने एक बयान दिया है, जिसमें उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम भी अयोध्या से श्रीलंका तक पैदल गए थे। लेकिन राहुल गांधी की पदयात्रा उससे भी लंबी है। उन्होंने कहा कि ये यात्रा ऐतिहासिक होगी।
राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार में मंत्री प्रसादी लाल मीणा ने कहा कि राहुल गांधी की पदयात्रा ऐतिहासिक होने वाली है। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी जी की पदयात्रा जो चल रही है, यह एक ऐतिहासिक पदयात्रा होगी। भगवान राम जी अयोध्या से श्रीलंका तक पैदल गए थे, लेकिन राहुल गांधी जी उससे भी दूर तक पैदल जा रहे हैं। राहुल गांधी कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल जा रहे हैं। आज तक इतना दूर किसी ने पैदल यात्रा की है? राहुल गांधी जी की पदयात्रा देश के माहौल को बदल देगी।”
प्रसादी लाल मीणा ने आगे कहा कि देश में जिस प्रकार का माहौल है, जिस तरह से नफरत फैलाई जा रही है, राहुल गांधी की यात्रा उसको खत्म कर देगी। यह ऐतिहासिक यात्रा होने वाली है और इस यात्रा के बाद पूरे देश का माहौल बदल जाएगा।
बता दें कि कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा के 1 महीने पूरे हो चुके हैं और यात्रा आंध्र प्रदेश पहुंचने वाली है। वहीं महाराष्ट्र पहुंचने पर यात्रा में विपक्षी एकता भी नजर आएगी। दरअसल कांग्रेस के नेताओं ने एनसीपी प्रमुख शरद पवार और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे को भी यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया है और राहुल गांधी के साथ मंच साझा करने का भी आग्रह किया है। दोनों नेता कांग्रेस के इस निमंत्रण पर तैयार भी हो गए और महाराष्ट्र पहुंचने पर यात्रा का स्वागत भी कर सकते हैं।
वहीं प्रसादी लाल मीणा के बयान पर बीजेपी ने निशाना साधा है। बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, “प्रसादी लाल मीणा राहुल गांधी की तुलना भगवन श्रीराम से करते हैं। श्रीराम की पवन यात्रा की तुलना एक वोट जोड़ो यात्रा से की जा रही है। इस यात्रा में ऐसे लोग भी जुड़े जो भारत माता को गाली देते हैं। कन्याकुमारी की तुलना लंका से की जा रही है। क्या कन्याकुमारी लंका है?”