Lok Sabha Election 2019: मध्य प्रदेश के भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर की मुलाकात केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता उमा भारती से हुई। उमा भारती से मिलकर साध्वी प्रज्ञा भावुक हो गईं। उन्हें जोर से गले लगाया। प्रज्ञा ठाकुर की आंखों से आंसू निकल आए। यह वाकया उस समय का है जब प्रज्ञा ठाकुर उमा भारती से मुलाकात करने उनके आवास पर पहुंची थीं। मुलाकात के बाद उमा भारती प्रज्ञा ठाकुर को गाड़ी तक खुद छोड़ने आयी। इस दौरान प्रज्ञा काफी भावुक हो गई और रोने लगी। उन्हें रोता देख उमा भारती ने प्रज्ञा को जोर से गले लगा लिया। बता दें कि प्रज्ञा वर्ष 2008 में हुए मालेगांव विस्फोट मामले में आरोपी हैं और फिलहाल जमानत पर हैं। वह भाजपा के टिकट पर मध्य प्रदेश के भोपाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं और इस सीट पर उनका मुख्य मुकाबला कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह से है।

साध्वी प्रज्ञा को लेकर उमा भारती ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “मैं उनको महान संत मानती हूं। उनकी उम्मीदवारी की घोषणा के साथ ही यहां (भोपाल) सीट से भाजपा की जीत हो चुकी है। वे एक महान देशक्त हैं। उन्होंने जो कष्ट झेले हैं, वह कष्ट कोई साधारण व्यक्ति या महिला नहीं झेल सकती है। उनकी उम्मीदवारी हमारे लिए गर्व और प्रसन्नता की बात है। पहले दिन से ही यह महसूस होने लगा कि साध्वी जी की उम्मीदवारी के बाद से यहां से भाजपा की जीत होनी तय है। हम लोग उनके लिए वोट मांग कर खुशी महसूस करेंगे।”

भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर (49) के पास मात्र 4,44,224 रुपये की संपत्ति है, जिसमें चांदी की जड़ी हुई राम नाम की ईंट, चांदी का कमण्डल एवं सोने-चांदी के आभूषण शामिल हैं। अपने नामांकन-पत्र के साथ दिये गये उनके द्वारा दिये गये हलफनामे के अनुसार वह अपने आय के स्त्रोतों के लिए भिक्षा एवं समाज पर निर्भर हैं। उनके पास कोई अचल संपत्ति, वाहन एवं किसी कंपनी में कोई शेयर नहीं है। शपथ पत्र के अनुसार उनके पास चांदी की जड़ी हुई राम नाम की 150 ग्राम वजन की एक ईंट है, जिसका कीमत लगभग 7,000 रूपये है। इसके अलावा, प्रज्ञा के पास 81,000 रुपये का चांदी का 2 किलो का एक कमण्डल एवं चांदी का 200 ग्राम वजन वाला एक लोटा भी है, जिसकी कीमत 8,200 रूपये है।

हलफनामे में उन्होंने कहा है कि उनकी संपत्ति में 90,000 रुपये नकद, बैंक के दो खातों में 99,824 रुपये की जमा, 48,000 रुपये की सोने की 15 ग्राम की एक चेन, 48,000 रूपये की रुपये का सोने का 15 ग्राम का एक लॉकेट एवं 16,000 रुपये की सोने की 5 ग्राम की एक अंगूठी शामिल है। हलफनामे में उन्होंने मालेगांव बम धमाकों के केस में एफआईआर का भी जिक्र किया गया है। हलफनामे के अनुसार साध्वी प्रज्ञा पर हत्या, हत्या का प्रयास और आतंकवादी कृत्य के आरोप हैं। उनके आपराधिक रेकॉर्ड में उनके खिलाफ महाराष्ट्र के नासिक जिले के मालेगांव के आजाद नगर थाने में एफआईआर दर्ज है। प्रज्ञा ने भोपाल के बरकतउल्ला विश्वविद्यालय से बी.पी.एड किया है। (भाषा इनपुट के साथ)