उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से अलगाव के बाद प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव इस वक्त चर्चा में हैं। राजनीतिक विश्लेषक भी अनुमान लगा रहे हैं कि 2024 लोकसभा चुनाव में शिवपाल की अगली पारी किसके साथ होगी।
शिवपाल यादव से जब पूछा गया कि लोकसभा चुनाव 2024 में क्या वो बीजेपी से गठबंधन करने वाले हैं? इस सवाल के जवाब में शिवपाल यादव ने कहा, ‘मैंने बहुत समय गवाया है और यह बात हर बार चर्चा में रही है। 2017, 2019 में भी रही कि मैं भाजपा से गठबंधन करने जा रहा। एक बार फिर 2022 में भी यही बात चल रही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पार्टी को मजबूत करने के बाद 2024 लोकसभा चुनाव में कहीं न कहीं गठबंधन करेंगे।
प्रसपा प्रमुख ने कहा कि हम अपने संगठन को फिर से तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा संगठन बना हुआ था, लेकिन बीच-बीच में हमारे साथ धोखा हुआ। समाजवादी पार्टी ने 2017, 2019 और अब 2022 में हमको धोखा दिया। उन्होंने कहा कि 2022 में अगर धोखा नहीं होता तो परिणाम कुछ और ही होते।
2024 लोकसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने तेलंगाना के सीएम से हाथ मिलाया है, इसको आप कहां तक सही मानते हैं? इस सवाल के जवाब में शिवपाल यादव ने कहा, ‘उनके (अखिलेश यादव) के बारे में मुझे कुछ बोलना नहीं है। मैं सब कुछ बोल चुका हूं। उन्होंने कहा कि जब अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश में सरकार नहीं बनाए पाए। यह उनके अपरिवक्वता की निशानी है।
महंगाई लेकर क्या बोले शिवपाल-
शिवपाल यादव ने कहा कि जनता इस वक्त महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से परेशानी में है। उन्होंने कहा कि बिजली की बहुत समस्या है। पूरे हिंदुस्तान में सबसे मंहगी बिजली उत्तर प्रदेश में है। उसके बाद फिर छापेमारी हो रही।
बता दें पिछले दिनों शिवपाल सिंह यादव ने कहा था कि अगर वो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने का समय मांगे तो वो मिलने से मना नहीं करते हैं। वहीं अगर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने का समय मांगा जाए तो वो मीटिंग में भी नहीं बुलाते हैं।