महाराष्ट्र के नागपुर के ब्रह्मपुरी वन प्रभाग में तेंदुआ 9 महीने के मासूम को उठाकर ले गया। यह घटना रविवार (2 जून) की सिन्दवाही तहसील के गरबोडू गांव की है। अधिकारियों के मुताबिक, गांव वालों को झाड़ियों में बच्चे की आधी खायी हुई लाश मिली थी। बच्चे की पहचान स्वराज सचिन गर्नुले के रूप में हुई। बता दें कि इस घटना बाद वन संरक्षक के अधिकारी तेंदुए को पकड़ने के लिए जुट गए हैं।

तड़के घुसा था तेंदुआः बताया जा रहा है कि रविवार तड़के तेंदुआ शिकार की तलाश में गांव में घुसा था। उसने घर में सो रहे बच्चे को उठा लिया और झाड़ियों की ओर ले गया। गांव वालों के अनुसार, तेंदुआ बच्चे के शरीर को नोंचकर खाने लगा। बच्चे की चीख सुनकर उसके परिवार वालों की नींद खुल गई। जब तक बच्चे के परिवार वाले हरकत में आते, तेंदुआ जंगल में भाग गया। बताया जा रहा है कि इस हमले से बच्चे की मौत हो गई थी। गांव वालों को उसका आधा खाया हुआ शव मिला।

National Hindi News, 03 June 2019 LIVE Updates: पढ़ें आज की बड़ी खबरें

Bihar News Today, 03 June 2019: आज की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें

तेंदुए की तलाश जारीः चंद्रपुर के मुख्य वन संरक्षक रामा राव के अनुसार, घटना के बाद अधिकारी तेंदुए की तलाश में जुट गए हैं। उसे पकड़ने के लिए आसपास के इलाकों में जाल बिछाया गया है। उन्होंने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए इलाके की झाड़ियों को साफ कराया जा रहा है। वहीं, तेंदुए की हरकतों पर नजर रखने के लिए सोलर लैंप भी लगवाए जा रहे हैं। राव ने यह भी बताया कि तेंदुए ने इससे पहले इलाके में कई और पशुओं को भी निशाना बनाया था। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में तेंदुए के हमले में मरने वालों की संख्या 11 हो गई है।