Lakhisarai Assembly Election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है। लखीसराय राज्य की हॉट सीट में से एक है। यहां से भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्य के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा काउंटिंग के करीब 2 घंटे बाद आगे चल रहे हैं। मतगणना के शुरुआत में वह आगे थे, लेकिन 1 घंटे के बाद वह पीछे हो गए थे, लेकिन अब फिर से उन्होंने बढ़त बना ली है। कांग्रेस के अमरेश कुमार दूसरे स्थान पर हैं। विजय कुमार सिन्हा इस सीट पर लगातार तीन बार से विधायक हैं और चौथी जीत दर्ज करने के लिए चुनावी मैदान में हैं। यह चुनाव उनके राजनीतिक कद और प्रतिष्ठा दोनों के लिए निर्णायक माना जा रहा है।
1994 में मुंगेर जिले से अलग होकर बने लखीसराय जिले का नाम कभी “लक्ष्मणेश्वर” था, जो कालांतर में “लखीसराय” बना। हालांकि, “सराय” शब्द के जुड़ने को लेकर कोई ठोस ऐतिहासिक प्रमाण नहीं मिलता। कीउल नदी के किनारे बसा यह जिला खेतों और पहाड़ियों का सुंदर संगम है। मुंगेर से 30 किमी, बेगूसराय से 40 किमी, भागलपुर से 100 किमी और पटना से 130 किमी दूर स्थित यह नगर न सिर्फ प्राकृतिक दृष्टि से समृद्ध है, बल्कि ऐतिहासिक और धार्मिक रूप से भी महत्वपूर्ण है।
लखीसराय कभी पाल वंश की राजधानी रहा और बौद्ध संस्कृति का बड़ा केंद्र भी। चीनी यात्री ह्वेनसांग ने अपनी यात्रा में यहां 10 बौद्ध मठों और 400 से अधिक भिक्षुओं का उल्लेख किया था। कहा जाता है कि भगवान बुद्ध ने चलिया पर्वत पर तीन साल तक तप किया था। यहां स्थित अशोक धाम मंदिर आज लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। 1977 में एक स्थानीय बालक अशोक ने खेलते हुए मिट्टी में दबा शिवलिंग खोजा था, जिसके बाद 1993 में मंदिर का पुनर्निर्माण जगन्नाथपुरी के शंकराचार्य के निर्देशन में हुआ।
लखीसराय विधानसभा चुनाव परिणाम 2025
| पार्टी | उम्मीदवार | वोट |
| कांग्रेस | अमरेश कुमार | |
| बीजेपी | विजय कुमार सिन्हा | |
| जन सुराज | सूरज कुमार |
विधानसभा चुनाव 2020 का हाल
| क्रम संख्या | उम्मीदवार | पार्टी | वोट |
| 1 | विजय कुमार सिन्हा | विजय कुमार सिन्हा | 74212 |
| 2 | अमरेश कुमार | कांग्रेस | 63729 |
| 3 | सुजीत कुमार | निर्दलीय | 11570 |
1977 में अलग विधानसभा क्षेत्र के रूप में अस्तित्व में आए लखीसराय को अब तक 11 बार चुनावी समर का अनुभव हो चुका है। भाजपा ने पांच बार जीत दर्ज की, जनता पार्टी और जनता दल ने दो-दो बार, कांग्रेस और राजद ने एक-एक बार जीत हासिल की है।
2020 के विधानसभा चुनाव में लखीसराय में 3,68,106 पंजीकृत मतदाता थे, जो 2024 में बढ़कर 3,95,117 हो गए। इनमें 15.82% अनुसूचित जाति और लगभग 4.2% मुस्लिम मतदाता हैं। 27.38% मतदाता शहरी क्षेत्र से हैं, जबकि बाकी ग्रामीण इलाकों से आते हैं। यहां मतदान प्रतिशत आमतौर पर 50% से अधिक रहता है—2020 में यह 52.81% था।
विधानसभा चुनाव 2015 का हाल
| क्रम संख्या | उम्मीदवार | पार्टी | वोट |
| 1 | विजय कुमार सिन्हा | भाजपा | 75901 |
| 2 | रामानंद मंडल | जेडीयू | 69345 |
| 3 | रामपुकार मंडल | शिवसेना | 11551 |
विजय कुमार सिन्हा पहली बार फरवरी 2005 में विधायक बने, हालांकि उसी साल हुए पुनर्निर्वाचन में हार गए। 2010 से लगातार तीन चुनावों में उन्होंने जीत दर्ज की— 2010 में 59,620 मतों से, 2015 में 6,556 मतों से, 2020 में 10,483 मतों से।
2024 के लोकसभा चुनाव में जेडीयू नेता राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) ने मुंगेर सीट से जीत दर्ज की, जिसमें लखीसराय क्षेत्र से उन्हें 43,489 मतों की बढ़त मिली। इससे साफ झलकता है कि एनडीए और भाजपा के प्रति मतदाताओं का भरोसा अब भी कायम है। इस बार मैदान भाजपा से विजय कुमार सिन्हा, कांग्रेस से अमरेश कुमार अनीश और जेएसपी से सुरज कुमार मैदान में हैं।
