Lakhisarai Assembly Election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में लखीसराय राज्य की हॉट सीटों में से एक है। यहां से भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्य के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा उम्मीदवार थे। उन्होंने कांग्रेस के अमरेश कुमार को 24940 वोटों से हराया। विजय कुमार सिन्हा इस सीट पर लगातार तीन बार से विधायक हैं। यह चुनाव उनके राजनीतिक कद और प्रतिष्ठा दोनों के लिए निर्णायक माना जा रहा था।
लखीसराय विधानसभा चुनाव परिणाम 2025
| पार्टी | उम्मीदवार | वोट |
| बीजेपी | विजय कुमार सिन्हा | 122408 |
| कांग्रेस | अमरेश कुमार | 97468 |
| जन सुराज | सूरज कुमार | 8722 |
1994 में मुंगेर जिले से अलग होकर बने लखीसराय जिले का नाम कभी “लक्ष्मणेश्वर” था, जो कालांतर में “लखीसराय” बना। हालांकि, “सराय” शब्द के जुड़ने को लेकर कोई ठोस ऐतिहासिक प्रमाण नहीं मिलता। कीउल नदी के किनारे बसा यह जिला खेतों और पहाड़ियों का सुंदर संगम है।
लखीसराय कभी पाल वंश की राजधानी रहा और बौद्ध संस्कृति का बड़ा केंद्र भी। चीनी यात्री ह्वेनसांग ने अपनी यात्रा में यहां 10 बौद्ध मठों और 400 से अधिक भिक्षुओं का उल्लेख किया था। कहा जाता है कि भगवान बुद्ध ने चलिया पर्वत पर तीन साल तक तप किया था। यहां स्थित अशोक धाम मंदिर आज लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है।
विधानसभा चुनाव 2020 का हाल
| क्रम संख्या | उम्मीदवार | पार्टी | वोट |
| 1 | विजय कुमार सिन्हा | विजय कुमार सिन्हा | 74212 |
| 2 | अमरेश कुमार | कांग्रेस | 63729 |
| 3 | सुजीत कुमार | निर्दलीय | 11570 |
1977 में अलग विधानसभा क्षेत्र के रूप में अस्तित्व में आए लखीसराय को अब तक 11 बार चुनावी समर का अनुभव हो चुका है। भाजपा ने पांच बार जीत दर्ज की, जनता पार्टी और जनता दल ने दो-दो बार, कांग्रेस और राजद ने एक-एक बार जीत हासिल की है।
2020 के विधानसभा चुनाव में लखीसराय में 3,68,106 पंजीकृत मतदाता थे, जो 2024 में बढ़कर 3,95,117 हो गए। इनमें 15.82% अनुसूचित जाति और लगभग 4.2% मुस्लिम मतदाता हैं। 27.38% मतदाता शहरी क्षेत्र से हैं, जबकि बाकी ग्रामीण इलाकों से आते हैं। यहां मतदान प्रतिशत आमतौर पर 50% से अधिक रहता है—2020 में यह 52.81% था।
विधानसभा चुनाव 2015 का हाल
| क्रम संख्या | उम्मीदवार | पार्टी | वोट |
| 1 | विजय कुमार सिन्हा | भाजपा | 75901 |
| 2 | रामानंद मंडल | जेडीयू | 69345 |
| 3 | रामपुकार मंडल | शिवसेना | 11551 |
विजय कुमार सिन्हा पहली बार फरवरी 2005 में विधायक बने, हालांकि उसी साल हुए पुनर्निर्वाचन में हार गए। 2010 से लगातार तीन चुनावों में उन्होंने जीत दर्ज की— 2010 में 59,620 मतों से, 2015 में 6,556 मतों से, 2020 में 10,483 मतों से।
2024 के लोकसभा चुनाव में जेडीयू नेता राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) ने मुंगेर सीट से जीत दर्ज की, जिसमें लखीसराय क्षेत्र से उन्हें 43,489 मतों की बढ़त मिली। इससे साफ झलकता है कि एनडीए और भाजपा के प्रति मतदाताओं का भरोसा अब भी कायम है। इस बार मैदान भाजपा से विजय कुमार सिन्हा, कांग्रेस से अमरेश कुमार अनीश और जेएसपी से सुरज कुमार मैदान में हैं।
