उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनना तय है क्योंकि जनता ने भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत दिया है। शाम 7 बजे तक के रुझान के अनुसार बीजेपी 270 सीटों पर आगे चल रही है। कुंडा ,गौरीगंज और आजमगढ़ सीट को लेकर लोगों में उत्सुकता थी और लोग जानना चाहते थे कि इन सीटों पर किसकी जीत होगी और प्रत्याशियों की जीत का अंतर क्या होगा।
कुंडा विधानसभा सीट: कुंडा विधानसभा सीट पर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया और सपा के गुलशन यादव के बीच टक्कर थी। राजा भैया पहली बार अपनी पार्टी के बैनर तले मैदान में थे। राजा भैया ने सपा प्रत्याशी गुलशन यादव को 30 हजार से अधिक वोटों से हराया। राजा भैया को कुल 99,261 वोट मिले जबकि गुलशन यादव को 68,843 वोट मिले। कुंडा से बीजेपी प्रत्याशी सिंधुजा मिश्रा तीसरे नंबर पर रहीं। सिंधुजा मिश्रा को 16347 मत प्राप्त हुए। सन 2002 के बाद पहली बार कुंडा में समाजवादी पार्टी ने प्रत्याशी उतारा था। राजा भैया और उनके समर्थकों ने डेढ़ लाख पार का नारा दिया था लेकिन जीत का अंतर करीब 30 हजार ही रहा। 2017 के विधानसभा चुनाव में राजा भैया ने एक लाख से अधिक वोटों से जीत दर्ज की थी।
आजमगढ़ विधानसभा सीट: शाम साढ़े 7 बजे तक के रुझानों के अनुसार आजमगढ़ विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी दुर्गा प्रसाद यादव 7 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। बीजेपी के प्रत्याशी अखिलेश मिश्रा दुर्गा प्रसाद यादव को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। जबकि बसपा प्रत्याशी तीसरे नंबर पर हैं। एक बार फिर आजमगढ़ सीट सपा के खाते में जाते हुए दिखाई दे रही है। हालांकि अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। दुर्गा प्रसाद यादव आठ बार इस सीट से विधायक चुने जा चुके हैं। 9वीं बार भी उनका विधायक चुना जाना तय माना जा रहा है।
गौरीगंज विधानसभा सीट: गौरीगंज विधानसभा सीट पर पिछले दो चुनावों से समाजवादी पार्टी के राकेश सिंह जीत हासिल कर रहे थे। 2022 के विधानसभा चुनाव में शाम साढ़े सात बजे तक के रुझानों के अनुसार राकेश सिंह आगे चल रहे हैं। राकेश सिंह बीजेपी प्रत्याशी से 7 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। राकेश सिंह की भी जीत तय मानी जा रही है लेकीन अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
शाम साढ़े बजे तक यूपी में बीजेपी 272 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि समाजवादी पार्टी 125 सीटों पर आगे चल रही है। कई सीटों पर वोटों की गिनती जारी है।