कंझावाला मामला में जिस सातवें आरोपी अंकुश की दिल्ली पुलिस (Delhi Police) को तलाश थी, उसने शुक्रवार शाम पुलिस के सामने सुल्तानपुरी थाने में सरेंडर कर दिया। इससे पहले एक प्राइवेट न्यूज चैनल ने न्यू ईयर की रात अंजलि के साथ पार्टी में मौजूद युवक के हवाले से बताया कि न्यू ईयर की रात पार्टी में अंजलि और निधि (Anjali & NIdhi) के बीच पैसों को लेकर झगड़ा हुआ था। दिल्ली पुलिस इस युवक का बयान दर्ज कर चुकी है।
अंजलि का दोस्त होने का दावा करने वाला युवक न्यूज चैनल को बताता है कि वो दो सालों से अंजलि को जानता है। उसने बताया कि 31 तारीख को अंजलि ने 6-7 फोन किए थे। जिसका मैंने कोई रिस्पांस नहीं दिया। हम पार्टी कर रहे थे। उसने मेरे पास एक लड़का भेजा कि अंजली बुला रही है, एक बार चलो। मैं बहुत ज्यादा फोर्स करने पर गया। तब तक रात के 11.30 बज चुके थे।
इसके बाद युवक ने बताया कि उस समय वहां पार्टी चल रही थी। सब जानने वाले थे। सभी पी रहे थे। सभी इन्जॉय कर रहे थे। दो कमरे बुक थे। अंजलि और निधि एक ही कमरे में थीं। ये बीयर पी रहे थे। इनकी आपस में लड़ाई हो जाती है। निधि अंजलि से पैसे मांगती है। हम अलग करवा देते हैं। अंजलि को समझाते हैं कि क्यों लड़ाई झगड़ा कर रही है। बस फिर दोनों नीचे चली जाती हैं। हम इनके निकलने के बाद निकलते हैं। हम 2-2.30 बजे निकले थे। हमसे पहले अंजलि और निधि निकले थे।
कंझावला केस से जुड़े अपडेट्स
- कंझावला मामले से जुड़ा एक और वीडियो शुक्रवार को सामने आया। इस वीडियो में अंजलि और निधि एक स्कूटी पर बैठी दिखाई दे रही हैं। स्कूटी को एक लड़का चला रहा है। यह लड़का दोनों को गली के बाहर छोड़ देता है। एक अन्य वीडियो में अंजलि और निधि गली से आते दिखाई दे रहे हैं।
- इस मामले में आरोपियों से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। सीसीटीवी वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कार में सवार आरोपी कार के मालिक आशुतोष के साथ उसके घर पर मौजूद हैं। यह वीडियो घटना वाली रात की ही है। वीडियो में आशुतोष अन्य आरोपियों से बात करता दिखाई दे रहा है।