अपने विवादित बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले कालीचरण महाराज ने अब मुस्लिम समुदाय के खिलाफ जहर उगला है। उन्होंने रविवार (1 मई 2022) को अलीगढ़ के अचल स्थित रामलीला मैदान में आयोजित संत समागम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि देश में मुसलमानों की बढ़ती आबादी हिंदुओं के लिए खतरा है। भारत में जगह-जगह पाकिस्तान बन चुका है।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के खिलाफ अपशब्द बोलकर चर्चा में आए कालीचरण महाराज ने हिंदुओं को मुसलमानों का डर दिखाते हुए कहा है कि उनकी बढ़ती आबादी से हिंदू बहन-बेटियों की सुरक्षा को खतरा है। इतना ही नहीं, महिलाओं को लेकर उन्होंने कई अपशब्द भी कहे।
आगे कालीचरण महाराज ने कहा कि अगर मोदी जी ने पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध छेड़ दिया तो यहां के मुसलमान किसका साथ देंगे ये समझने की जरूरत है। सुप्रीम कोर्ट पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ओवैसी के भड़काऊ भाषण को क्लीन चिट मिल जाती है पर संत अगर सेल्फ डिफ़ेंस की बात करते हैं तो उसे भड़काऊ मान लिया जाता है।
हिंदू राष्ट्र निर्माण पर जोर: कालीचरण ने हिंदू राष्ट्र निर्माण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज हर धर्म के पास अपना देश है, लेकिन भारत अघोषित हिंदू राष्ट्र बनकर रह गया है। हिंदू समय रहते नहीं चेते तो अपने ही देश में अल्पसंख्यक बनकर रह जाएंगे। उन्होंने कहा कि जैसा कश्मीर में 30 साल पहले हुआ वैसा पूरे देश में होने लगेगा।
महात्मा गांधी के खिलाफ अपशब्द: कालीचरण महाराज के विवादित बोल सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। गौरतलब है कि हेट स्पीच मामले में रायपुर की केंद्रीय जेल में तीन महीने रहने के बाद हाल ही में कालीचरण जमानत पर छूटे हैं। छत्तीसगढ़ पुलिस ने कालीचरण को 30 दिसंबर 2021 को मध्य प्रदेश के खजुराहो से गिरफ्तार किया था। रायपुर में दिसंबर 2021 में आयोजित धर्म संसद के दौरान कालीचरण महाराज ने महात्मा गांधी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया था।
जेल से छूटने के बाद कालीचरण महाराज का एक विवादास्पद वीडियो भी सामने आया था। इस वीडियो में वह इंदौर में अपने स्वागत के दौरान समर्थकों के भेंट किए गए धारदार हथियार को लहराते नजर आ रहे हैं।